home page

आरोप साबित हुए तो राजनीति से संन्यास ले लूंगा: सुनील उनियाल गामा

 | 
आरोप साबित हुए तो राजनीति से संन्यास ले लूंगा: सुनील उनियाल गामा


-पूर्व मेयर ने 40 लाख रुपये के आरोपों को बताया साजिश 23 लाख रुपये भुगतान और ब्लैकमेलिंग का किया दावा

मसूरी, 20 नवंबर (हि.स.)। देहरादून के पूर्व महापौर सुनील उनियाल गामा ने अपने ऊपर लगाए गए कथित 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोपों को निराधार बताते हुए राजनीतिक छवि खराब करने की साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि यदि निष्पक्ष जांच में उनके खिलाफ लगाए गए आरोप साबित होते हैं तो वह राजनीति से संन्यास ले लेंगे। वहीं, आरोप गलत साबित होने पर आरोप लगाने वालों के खिलाफ मानहानि सहित आपराधिक मुकदमा दर्ज कराएंगे।

मसूरी में शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में गामा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि संबंधित व्यक्ति को उन्होंने नौकरी और दुकान तक उपलब्ध कराई थी। साथ ही आरोप लगाया कि पहले भी उन्हें ब्लैकमेल करने का प्रयास किया गया और इस मामले में 23 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

पूर्व महापौर ने 40 लाख रुपये के कथित लेनदेन पर सवाल उठाते हुए कहा कि आरोप लगाने वाले व्यक्ति को यह स्पष्ट करना चाहिए कि इतनी बड़ी धनराशि का आधार क्या है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से उनके खिलाफ लगातार दुष्प्रचार किया जा रहा है, जिससे उनकी करीब 40 वर्षों की राजनीतिक छवि प्रभावित हो रही है। इसका असर उनके परिवार पर भी पड़ रहा है।

गामा ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के तहत उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले के पीछे कौन लोग हैं, इसका भी जल्द खुलासा करेंगे। उन्होंने प्रशासन से प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

पूर्व महापौर ने मसूरी विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की इच्छा भी जताई। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व से टिकट देने का अनुरोध किया है और इस पर विचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में देहरादून नगर निगम के 18 वार्ड शामिल हैं और उनके दावे के अनुसार करीब 75 प्रतिशत मतदाता देहरादून क्षेत्र से हैं। ऐसे में महापौर के रूप में उनका अनुभव चुनाव में उपयोगी हो सकता है।

गामा ने कहा कि यदि जांच में वह दोषी पाए जाते हैं तो हर तरह की सजा भुगतने को तैयार हैं, लेकिन आरोप झूठे साबित होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे।पत्रकार वार्ता में अनिल डबराल और गिरिराज उनियाल भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/सुनील सोनकर

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय