सरकारी भूमि पर कब्जे के आरोप,जांच की मांग
हरिद्वार, 11 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस नेता वरुण बालियान ने रोशनाबाद क्षेत्र में करीब 135 बीघा सरकारी भूमि पर कथित कब्जे और कॉलोनी विकसित किए जाने के मामले में हीरो रियल्टी तथा संबंधित अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
रविवार को प्रेस क्लब हरिद्वार में पत्रकारों से वार्ता में बालियान ने ग्राम आन्नेकी हेतमपुर में भूमि के स्वामित्व, राजस्व अभिलेखों और हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण से स्वीकृत ले-आउट की वैधता पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्व अभिलेखों में कंपनी के नाम भूमि दर्ज नहीं होने के बावजूद वहां कॉलोनी विकसित की जा रही है। उन्होंने भूमि की रजिस्ट्रियों और हस्तांतरण संबंधी दस्तावेजों की जांच की मांग भी की।
बालियान के अनुसार, 18 दिसंबर 2007 को शासन ने आवासीय प्रयोजन के लिए 20 हेक्टेयर भूमि खरीदने की अनुमति दी थी। उन्होंने निर्धारित प्रयोजन के तहत भूमि का उपयोग, स्वामित्व और वर्तमान राजस्व स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
उन्होंने बताया कि इस मामले में शिकायतकर्ता राजेश कुमार ने शासन और जिला प्रशासन से शिकायत की थी। बालियान का दावा है कि 27 फरवरी 2025 को जिलाधिकारी न्यायालय में भी वाद प्रस्तुत किया गया, लेकिन अब तक निर्णायक कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर शिकायतकर्ता दोबारा धरना शुरू करेंगे। उन्होंने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की पुष्टि होने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

