home page

प्रत्येक विकासखंड में बनेंगे आदर्श कृषि एवं उद्यान गांव: मुख्यमंत्री

 | 
प्रत्येक विकासखंड में बनेंगे आदर्श कृषि एवं उद्यान गांव: मुख्यमंत्री


देहरादून, 14 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के प्रत्येक विकासखंड में एक-एक गांव को आदर्श कृषि एवं उद्यान गांव के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा कि आगामी तीन वर्षों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी योजनाओं का केंद्र किसानों का हित होना चाहिए।

गुरुवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में आयोजित उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड की बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि स्थानीय संसाधनों,पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक कृषि तकनीकों के समन्वय से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों के चयन में भौगोलिक परिस्थितियों, जलवायु, भूमि की गुणवत्ता और स्थानीय जरूरतों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि क्षेत्र विशेष की विशेषताओं के अनुरूप फल, सब्जियां और अन्य कृषि उत्पादों की पहचान कर योजनाबद्ध तरीके से विकास किया जाए, ताकि उत्तराखण्ड को कृषि और बागवानी के क्षेत्र में नई पहचान मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कृषि उत्पादन बढ़ाने, खेती की लागत घटाने और किसानों की आय में वृद्धि के लिए ठोस प्रयास करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय समेत अन्य संस्थानों के सहयोग से प्रदेशभर में कृषि गोष्ठियों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन के निर्देश दिए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, बेहतर खेती के तरीके और उच्च गुणवत्ता वाले बीज, पौध व खाद उपलब्ध कराए जाएंगे।

उन्होंने तिलहनी फसलों जैसे सरसों, तिल, सूरजमुखी और सोयाबीन के उत्पादन को बढ़ावा देने पर भी विशेष बल दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे कृषि विविधीकरण को प्रोत्साहन मिलेगा और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।

बैठक में बायोगैस संयंत्रों और सौर ऊर्जा संचालित पंपों के उपयोग को बढ़ावा देने,डिजिटल माध्यमों से कृषि उत्पादों के विपणन की व्यवस्था मजबूत करने और जैविक खेती को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शोध एवं तकनीकी नवाचारों का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाने के लिए अधिक से अधिक किसानों को 'लैब टू लैंड' कार्यक्रम से जोड़ा जाए।

बैठक में उत्तराखण्ड मंडी परिषद के अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार डब्बू, सचिव डॉ. एसएन.पाण्डेय, अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय