home page

रुड़की में पांच से 23 अक्टूबर तक अग्निवीर भर्ती रैली

 | 
रुड़की में पांच से 23 अक्टूबर तक अग्निवीर भर्ती रैली


लैंसडौन, 03 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में शामिल होने के इच्छुक युवाओं के लिए भर्ती रैली पांच अक्टूबर से रुड़की में शुरू होगी। सेना भर्ती कार्यालय लैंसडौन के अनुसार भर्ती वर्ष 2027 के लिए अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन बंगाल इंजीनियर ग्रुप एंड सेंटर (बीईजी एंड सेंटर) रुड़की में पांच से 23 अक्टूबर तक किया जाएगा। रैली में ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (सीईई) उत्तीर्ण कर चुके पात्र अभ्यर्थी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शामिल होंगे।

भर्ती कार्यालय के मुताबिक जोनल भर्ती कार्यालय (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) के अंतर्गत एआरओ लैंसडौन की ओर से अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल (एसकेटी) के लिए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। इसके अलावा गढ़वाल क्षेत्र के सात जिलों—चमोली, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी के अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर जनरल ड्यूटी (जीडी), अग्निवीर टेक्निकल तथा अग्निवीर ट्रेड्समैन की भर्ती होगी।

भर्ती कार्यालय ने बताया कि रैली में केवल वही अभ्यर्थी शामिल होने के पात्र होंगे, जिन्होंने एक से 12 जून के बीच आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन उत्तीर्ण किया है। अभ्यर्थियों को अपने प्रवेश पत्र में निर्धारित तिथि और समय पर भर्ती स्थल पर पहुंचना होगा। उन्हें भर्ती अधिसूचना में निर्धारित सभी मूल दस्तावेज साथ लाने होंगे।

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे प्रवेश पत्र में दर्ज विवरण को ध्यानपूर्वक जांच लें और भर्ती स्थल पर समय से पहुंचें। भर्ती प्रक्रिया के दौरान निर्धारित नियमों और निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।

अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी श्रेणी के लिए विभिन्न जिलों की भर्ती प्रक्रिया पांच अक्टूबर से शुरू होगी। गढ़वाल क्षेत्र के सात जिलों—चमोली, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी—के अभ्यर्थियों की प्रक्रिया 11 अक्टूबर को निर्धारित की गई है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अभ्यर्थियों की भर्ती उनके संबंधित एआरओ के कार्यक्रम के अनुसार होगी।

गढ़वाल क्षेत्र के सात जिलों के अग्निवीर जीडी, अग्निवीर टेक्निकल और अग्निवीर ट्रेड्समैन (आठवीं एवं दसवीं पास) अभ्यर्थियों की जिलेवार भर्ती प्रक्रिया 13 अक्टूबर से शुरू होगी।

13 अक्टूबर को उत्तरकाशी और चमोली के अभ्यर्थियों की प्रक्रिया निर्धारित है। 14 अक्टूबर को चमोली के अभ्यर्थी शामिल होंगे। 15 अक्टूबर को टिहरी गढ़वाल तथा 16 और 17 अक्टूबर को पौड़ी गढ़वाल के अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया होगी।18 अक्टूबर को रुद्रप्रयाग और देहरादून और 19 अक्टूबर को देहरादून और हरिद्वार के अभ्यर्थियों की रैली निर्धारित की गई है। 20 अक्टूबर को गढ़वाल क्षेत्र के सातों जिलों के अग्निवीर टेक्निकल और अग्निवीर ट्रेड्समैन (आठवीं एवं दसवीं पास) अभ्यर्थियों की प्रक्रिया होगी।

भर्ती कार्यालय के अनुसार अभ्यर्थियों को अपने प्रवेश पत्र में दी गई तिथि और समय के अनुसार ही भर्ती स्थल पर पहुंचना होगा। जिला-वार कार्यक्रम में किसी बदलाव की स्थिति में संबंधित आधिकारिक सूचना को प्राथमिकता दी जाएगी। सेना भर्ती कार्यालय ने कहा कि भारतीय सेना और नागरिक प्रशासन निष्पक्ष, पारदर्शी और योग्यता आधारित भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। अभ्यर्थियों से किसी भी प्रकार के दलाल, एजेंट या बिचौलिए के संपर्क में नहीं आने की अपील की गई है।

भर्ती कार्यालय ने स्पष्ट किया कि कोई भी व्यक्ति भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित नहीं कर सकता। इसलिए अभ्यर्थियों को भर्ती में चयन कराने के नाम पर किसी व्यक्ति को धन देने से बचने की सलाह दी गई है। युवाओं से कहा गया है कि वे अपनी तैयारी और निर्धारित चयन प्रक्रिया पर ध्यान दें और भर्ती से संबंधित जानकारी के लिए आधिकारिक माध्यमों पर भरोसा करें। सेना भर्ती कार्यालय लैंसडौन ने गढ़वाल क्षेत्र के पात्र युवाओं से निर्धारित तिथि, समय और स्थान के संबंध में अपने प्रवेश पत्र की जानकारी ध्यानपूर्वक देखने और सभी आवश्यक मूल दस्तावेजों के साथ भर्ती स्थल पर पहुंचने को कहा है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय