home page

पिथौरागढ़ में आदि कैलाश परिक्रमा रन-2.0 का आगाज, 26 राज्यों के 1,100 धावक ले रहे हिस्सा

 | 
पिथौरागढ़ में आदि कैलाश परिक्रमा रन-2.0 का आगाज, 26 राज्यों के 1,100 धावक ले रहे हिस्सा


पिथौरागढ़, 24 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले की व्यास घाटी में शनिवार को आदि कैलाश परिक्रमा रन-2.0 का शुभारंभ हुआ। देश के 26 राज्यों के करीब 1,100 धावक इस आयोजन में हिस्सा ले रहे हैं।

पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने जोलिंगकांग से 70 किलोमीटर की अल्ट्रा मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं, गुंजी से 42 किलोमीटर की मैराथन को दर्जा राज्य मंत्री अशोक नबियाल और धारचूला के उपजिलाधिकारी आशीष जोशी ने रवाना किया।

करीब 4,500 मीटर की ऊंचाई पर आयोजित इस दौड़ में प्रतिभागियों को कम तापमान, कम ऑक्सीजन और दुर्गम पहाड़ी रास्तों जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। आयोजकों के अनुसार, धावकों ने नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ भी ली।

आयोजन के तहत 70 किलोमीटर की मुख्य दौड़ आदि कैलाश से शुरू होकर छियालेख होते हुए गुंजी में समाप्त होगी। प्रतियोगिता में महिला और पुरुष प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग आयु वर्ग निर्धारित किए गए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऑनलाइन माध्यम से धावकों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि आदि कैलाश क्षेत्र में इस तरह के आयोजनों से उत्तराखंड की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी। सरकार का उद्देश्य पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देकर स्थानीय लोगों की आजीविका के अवसरों को बढ़ाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आयोजित पहली हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा रन में 22 राज्यों के धावकों ने हिस्सा लिया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में इस आयोजन का उल्लेख किया था, जिसके बाद क्षेत्र के प्रति पर्यटकों और श्रद्धालुओं का आकर्षण बढ़ा है।

पिछले वर्ष आयोजित परिक्रमा रन के पहले संस्करण में करीब 750 धावकों ने हिस्सा लिया था। इस बार प्रतिभागियों की संख्या बढ़कर लगभग 1,100 होने को क्षेत्र में साहसिक पर्यटन की बढ़ती लोकप्रियता के रूप में देखा जा रहा है। आयोजन के माध्यम से सीमांत क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन की संभावनाओं को व्यापक पहचान देने का प्रयास किया जा रहा है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय