home page

आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन की तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा

 | 
आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन की तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा


देहरादून, 20 अक्टूबर (हि.स.)। पिथौरागढ़ जिले के आदि कैलाश क्षेत्र में 24 से 26 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन 2.0 की तैयारियों का जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने मंगलवार को गुंजी पहुंच कर जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों को आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने और धावकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने आयोजन स्थल का निरीक्षण करने के साथ सेना, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने मैराथन मार्ग पर डॉक्टरों और एंबुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था करने, स्नैक्स एवं पानी की सुविधा वाले केंद्र स्थापित करने और स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधिकारियों को मैराथन मार्ग से मलबा, पत्थर और अन्य अवरोध समय पर हटाकर उसे सुरक्षित एवं सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। आयोजन से जुड़े अधिकारियों को धावकों के लिए ठहरने, बैठने, तंबू, शौचालय और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था करने को भी कहा गया।

जिलाधिकारी ने छियालेख में हेल्प डेस्क स्थापित करने और आपात स्थिति में त्वरित सहायता के लिए संपर्क नंबर जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपजिलाधिकारी को सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने और संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने को कहा।

उन्होंने कहा कि आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने और इसे नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण आयोजन है। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से धावकों के पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में प्रतिभागियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी, उपनिदेशक पर्यटन अतुल भंडारी तथा सेना, एसएसबी और आईटीबीपी के अधिकारी मौजूद रहे।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय