बिना लाइसेंस चल रहे 20 टूर-ट्रैवल ऑपरेटरों के खिलाफ चालानी कार्रवाई
हरिद्वार, 06 जुलाई (हि.स.)। हरिद्वार में बिना वैध लाइसेंस सार्वजनिक परिवहन सेवाएं संचालित करने वाले टूर एवं ट्रैवल ऑपरेटरों के खिलाफ परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विशेष प्रवर्तन अभियान के दौरान 20 टूर एवं ट्रैवल ऑपरेटरों का चालान किया गया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश और संभागीय परिवहन अधिकारी संदीप सैनी के मार्गदर्शन में यह अभियान शहर के शिवमूर्ति क्षेत्र में चलाया गया। अभियान का नेतृत्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा ने किया।
निरीक्षण के दौरान कई ट्रैवल एजेंसियां बिना वैध लाइसेंस के यात्रियों की बुकिंग और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का संचालन करती मिलीं। यह मोटर वाहन अधिनियम, 1988 तथा सार्वजनिक सेवाओं द्वारा यात्रा कराने के लिए संचालित एजेंसियों एवं टिकटों की बिक्री हेतु विनियमावली, 2023 का उल्लंघन है।
परिवहन विभाग ने सभी संबंधित संचालकों को बिना लाइसेंस संचालन बंद करने और जल्द आवश्यक लाइसेंस प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा, पारदर्शी परिवहन व्यवस्था और नियमों के प्रभावी पालन को सुनिश्चित करने के लिए ऐसे विशेष अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

