home page

ब्रॉडवे होटल पर 16 हजार रुपये का अर्थदण्ड, जल संयोजन विच्छेदित

 | 
ब्रॉडवे होटल पर 16 हजार रुपये का अर्थदण्ड, जल संयोजन विच्छेदित


नैनीताल, 15 मई (हि.स.)। मल्लीताल क्षेत्र में स्थित ब्रॉडवे होटल की टंकियों से लगातार पानी ओवरफ्लो होने तथा गंदगी फैलने की शिकायत पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने त्वरित संज्ञान लेते हुए अधिकारियों की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर समस्या का समाधान कराया। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर होटल पर 16 हजार रुपये का अर्थदण्ड लगाया गया। साथ ही जल संस्थान ने होटल का जल संयोजन भी विच्छेदित कर दिया।

टण्डन परिवार एवं डण्डरियाल परिवार सहित स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी से शिकायत कर अवगत कराया था कि ब्रॉडवे होटल की टंकियों से लगातार पानी बहने के कारण उनके घरों में सीलन और जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो रही है। शिकायत में नीलम राज होटल एवं ब्रॉडवे होटल पर मार्ग में गंदगी फैलाने का आरोप भी लगाया गया था। जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व विभाग, जल संस्थान, पर्यटन विभाग और नगर पालिका परिषद नैनीताल की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया, जिसमें शिकायतों की पुष्टि हुई।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि ब्रॉडवे होटल की छत पर स्थापित टंकी से अनावश्यक रूप से पानी बह रहा था। इस पर जल संस्थान ने जल संयोजन विच्छेदित करते हुए 5 हजार रुपये का अर्थदण्ड लगाया, पर्यटन विभाग ने 10 हजार रुपये तथा नगर पालिका परिषद ने गंदगी फैलाने पर एक हजार रुपये का अर्थदण्ड अधिरोपित किया।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार अक्षय भट्ट, जल संस्थान के सहायक अभियंता, नगर पालिका के सफाई निरीक्षक एवं पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी