15 साल के किशोर से कुकर्म का आरोपित हरियाणा से गिरफ्तार
हरिद्वार, 13 सितंबर (हि.स.)। कोतवाली नगर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और कुकर्म के मामले में वांछित चल रहे आरोपित को हरियाणा के कैथल जिले से गिरफ्तार कर लिया। संवेदनशील प्रकरण में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने आरोपित की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर लगातार सुरागरसी-पतारसी की।
पुलिस के मुताबिक, छह सितंबर को पीड़ित की मां ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर अपने 15 वर्षीय पुत्र के साथ छेड़खानी और कुकर्म करने व जान से मारने की धमकी दिए जाने की शिकायत की थी। तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए आरोपित की तलाश शुरू की। लगातार की गई सुरागरसी और पतारसी के बाद पुलिस को आरोपित के हरियाणा में होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 12 सितंबर को रामलाल उर्फ दामू (34) पुत्र चन्द्रभान निवासी ग्राम फिरोजपुर, थाना सीवान, कैथल, हरियाणा को उसके क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उसका चालान कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

