home page

लक्सर में मौत बनकर दौड़ी रफ्तार! ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी ऑल्टो कार, एक की मौत

 | 

हरिद्वार, 03 अगस्त (हि.स.)। हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। कांवड़ मेले के दौरान बढ़े यातायात दबाव के बीच लक्सर से कनखल जा रही एक तेज रफ्तार ऑल्टो कार आगे चल रही कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बिहार निवासी 35 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक घायल हो गया। घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब 5.40 बजे ऑल्टो कार नंबर डीएल 8 सीएएच -3432 लक्सर से कनखल की ओर जा रही थी। जैसे ही कार गर्ग कॉलेज, पिपली के पास पहुंची, वह आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

हादसे में रामू पुत्र विश्वनाथ (35 वर्ष), निवासी ग्राम तखत बसाऊ डीपर, थाना बसंतपुर, जिला सिवान (बिहार) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं कार चला रहे संजय गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के तुरंत बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन लेकर कनखल की ओर फरार हो गया। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद परिवार में मातम का माहौल है।

पुलिस ने फरार ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके और आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कांवड़ मेले में बढ़ा ट्रैफिक, पुलिस ने की अपील

कांवड़ यात्रा के चलते इन दिनों लक्सर-हरिद्वार मार्ग पर वाहनों का दबाव सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक है। ऐसे में पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें, आगे चल रहे वाहनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें, ओवरस्पीडिंग और लापरवाही से बचें तथा यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस का कहना है कि थोड़ी सी सावधानी किसी की जान बचा सकती है और सड़क हादसों को रोका जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला