home page

ट्रक खाई में गिरने से चालक की मौत

 | 
ट्रक खाई में गिरने से चालक की मौत


देवप्रयाग, 05 मार्च (हि. स.)। टिहरी जिले के नरेन्द्र नगर स्थित ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार देर रात महादेव चट्टी के निकट ट्रक के करीब 3 सौ मीटर गहरी खाई में गिरने से चालक की मौत हो गई। रविवार को एसडीआएफ और पुलिस ने खाई से शवनिकाल कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

बछेलीखाल चौकी प्रभारी दीपक लिंगवाल ने बताया कि रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे महादेव चट्टी स्थित एक ढाबा संचालक ने वाहन दुर्घटना की सूचना दी गयी थी। जिस पर पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। घटनास्थल पर ट्रक से दो पैराफिट टूटे हुए मिले। वहीं वाहन में भरा कबाड़ खाई में बिखरा हुआ मिला। संयुक्त टीम ने खाई में उतरकर तलाशी ली, जहां ट्रक चालक का शव झाड़ियों से बरामद हुआ। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान 56 वर्षीय शीशपाल पुत्र अजेंदर सिंह, निवासी अलीगढ़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। पुलिस ने वाहन स्वामी व मृतक शीशपाल की पत्नी मनीषा से संपर्क करने पर पता चला कि शीशपाल वर्तमान में लोनी में रह रहा था और श्रीनगर से कबाड़ लेकर वापस लौट रहा था। मृतक की पत्नी ने बताया कि शनिवार रात करीब ग्यारह बजे उसकी अंतिम बार फोन पर बात हुई थी, जिसमें चालक ने क्षेत्र में तेज बारिश और ओले गिरने की बात कही थी। पुलिस ने शव को खाई से बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय