home page

फ्लाईओवर के नीचे आराम कर रहे दो शिव भक्तों पर गिरा लोहे का गर्डर, दोनों की दर्दनाक मौत

 | 

हरिद्वार, 01 अगस्त (हि.स.)। बहादराबाद क्षेत्र में शनिवार को कांवड़ यात्रा के दौरान हुए हादसे में दो शिवभक्तों की मौत हो गई। बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे विश्राम कर रहे दो कांवड़ियों पर अचानक भारी लोहे का गर्डर गिर गया।

मृतकों की पहचान तनुज (21) निवासी मुरादनगर और किशन (22) निवासी गाजियाबाद के रूप में हुई है। दोनों हरिद्वार से गंगाजल लेकर घर लौट रहे थे। थकान के कारण वे फ्लाईओवर के नीचे बैठ गए थे, तभी वहां रखा लोहे का चैनल खिसककर उन पर आ गिरा।

सूचना पर शांतरशाह चौकी और बहादराबाद पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को गर्डर के नीचे से निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

क्षेत्राधिकारी संजय चौहान ने बताया कि दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों और लापरवाही के बिंदुओं की जांच कर रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला