home page

युवाओं के जनादेश ने छात्रहित और राष्ट्रवादी विचारों के समर्थन को दिखाया: धामी

 | 
युवाओं के जनादेश ने छात्रहित और राष्ट्रवादी विचारों के समर्थन को दिखाया: धामी


- एबीवीपी की जीत युवाओं के समर्थन का संकेत : महेंद्र भट्ट

देहरादून, 29 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रदेशभर में हुए छात्रसंघ चुनावों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के प्रत्याशियों की जीत पर बधाई दी है। पार्टी ने दावा किया कि प्रदेश के करीब 85 प्रतिशत महाविद्यालयों में एबीवीपी प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवाओं के जनादेश ने छात्रहित और राष्ट्रवादी विचारों के समर्थन को दिखाया है।

मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रसंघ चुनावों के परिणाम युवाओं की सोच और प्राथमिकताओं को सामने रखते हैं। उन्होंने कहा कि परिणाम छात्रहित और राष्ट्रवादी विचारधारा के प्रति युवाओं के समर्थन को दर्शाते हैं। उन्होंने एबीवीपी के सभी विजयी प्रत्याशियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रदेश के महाविद्यालयों में करीब 85 प्रतिशत सीटों पर एबीवीपी की जीत उत्साहजनक है। उन्होंने देहरादून के डीएवी पीजी कॉलेज में अध्यक्ष पद पर निर्वाचित एबीवीपी प्रत्याशी नवदीप राणा सहित प्रदेशभर में निर्वाचित विद्यार्थी परिषद के प्रत्याशियों को बधाई दी।

भट्ट ने कहा कि चुनाव परिणामों को युवाओं के बीच सरकार की कल्याणकारी योजनाओं, रोजगार और पारदर्शी व्यवस्था के प्रति स्वीकार्यता के रूप में देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए युवा आयोग के गठन समेत विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि एबीवीपी की जीत युवा पीढ़ी के बीच सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और विकास से जुड़े मुद्दों की स्वीकार्यता को दर्शाती है। भट्ट ने विपक्ष पर युवाओं को बांटने और नकारात्मक एजेंडा बढ़ाने का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव परिणामों ने ऐसे प्रयासों को खारिज किया है।

उन्होंने नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों से छात्रहित में काम करने और शिक्षण संस्थानों के गौरव को आगे बढ़ाने की अपेक्षा जताई। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और एबीवीपी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय