home page

आईआईटी रुड़की के छात्र की मौत की हो निष्पक्ष जांच : अभाविप

 | 
आईआईटी रुड़की के छात्र की मौत की हो निष्पक्ष जांच : अभाविप


देहरादून, 16 नवंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने आईआईटी रुड़की के बीएस-एमएस गणित एवं कंप्यूटिंग पाठ्यक्रम के द्वितीय वर्ष के 20 वर्षीय छात्र आयुष राजोरिया की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। परिषद ने मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने के साथ ही संस्थान में छात्र कल्याण एवं मानसिक स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा कर उन्हें मजबूत करने की मांग की है।

अभाविप के उत्तराखंड प्रदेश मंत्री यशवंत पंवार ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी का जीवन, सम्मान और मानसिक स्वास्थ्य शिक्षण संस्थानों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ विद्यार्थियों को सुरक्षित, संवेदनशील और सहयोगपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना भी संस्थानों की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि आईआईटी रुड़की प्रशासन को घटना के पीछे की परिस्थितियों और कारणों की गहन जांच करानी चाहिए। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

परिषद ने परिसर में योग्य मनोचिकित्सक की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने, विद्यार्थियों की समस्याएं सुनने के लिए निदेशक, डीन और संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में ओपन हाउस आयोजित करने तथा शिकायतों के समाधान के लिए प्रभावी और गोपनीय तंत्र विकसित करने की मांग की है।

अभाविप ने विद्यार्थियों की समस्याओं की समय रहते पहचान करने और जरूरत के अनुसार हस्तक्षेप की व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय