हनुमान चौक से युवक के अपहरण मामले में तीन बदमाश गिरफ्तार
हरिद्वार, 04 नवंबर (हि.स.)। लक्सर सुल्तानपुर के हनुमान चौक पर घर जाने के लिए खड़े युवक को जबरन बाइक पर बैठाकर अगवा करने और सुनसान रास्ते पर ले जाकर लूटपाट करने वाले तीन आरोपियों को लक्सर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट कर पांच हजार रुपये की नकदी और सैमसंग का महंगा मोबाइल लूट लिया था। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, 4200 रुपये की नकदी और वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिलें बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, शिवगढ़ निवासी अनुज एक नवंबर की रात करीब 10:30 बजे सुल्तानपुर के हनुमान चौक पर घर जाने के लिए खड़ा था। इसी दौरान तीन नकाबपोश युवक उसे जबरन बाइक पर बैठाकर सुनसान रास्ते पर ले गए। आरोप है कि वहां उसके साथ मारपीट कर पांच हजार रुपये और सैमसंग ए36 5जी मोबाइल छीन लिया। इसके बाद बदमाश उसे फुलगढ़-शिवगढ़ रोड पर आम के बाग के पास ट्यूबवेल के नजदीक छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
चेकिंग के दौरान दबोचे गए आरोपित
एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मैनुअल और डिजिटल पुलिसिंग के जरिए मामले की पड़ताल की। सुराग जुटाने के बाद पुलिस ने तीन नवंबर को चेकिंग के दौरान तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान अजय उर्फ बाबा निवासी सूखेड़ी, सहारनपुर, विशाल निवासी भट्टीपुर और विक्की निवासी दाबकी के रूप में हुई है।
महंगे शौक पूरे करने के लिए करते थे लूट
पुलिस पूछताछ के अनुसार, आरोपितों ने बताया कि वे अपने महंगे शौक और निजी जरूरतें पूरी करने के लिए सुनसान रास्तों पर राहगीरों को निशाना बनाते थे। उन्हें डराकर नकदी और कीमती सामान लूटने के बाद रकम आपस में बांट लेते थे।
कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बुधवार काे बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम को जल्द खुलासे के निर्देश दिए गए थे। त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लूटा गया मोबाइल, 4200 रुपये नकद और दो मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

