नैनीताल में विधायक सहित तीन सौ से अधिक लोगों ने मुफ्त में देखी ‘हनुमान अंश’ फिल्म
नैनीताल, 06 सितंबर (हि.स.)। नैनीताल के कैपिटल सिनेमा हॉल में रविवार को हिंदूवादी संगठनों की ओर से बाबा नीब करौरी महाराज पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ का विशेष निःशुल्क प्रदर्शन किया गया। फिल्म देखने वालों में नैनीताल विधायक सरिता आर्या, भाजपा मंडलाध्यक्ष नितिन कार्की सहित के लिए 300 से अधिक लोग शामिल रहे। खास बात यह भी रही कि सिनेमा हॉल की सबसे आगे सीट पर श्री हनुमान और बाबा नीब करौरी की प्रतिमाएं भी विराजमान की गयीं, यानी उन्हें भी फिल्म दिखाई गयी। फिल्म के दौरान दर्शकों को हनुमान चालीसा की प्रतियां भी भेंट की गई और शो शुरू होने से पहले हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ भी किया गया।
लगभग ढाई घंटे की फिल्म के पहले दृश्य में कहानी 1964 के कुमाऊं से शुरू होती दिखाई जाती है, और फिल्म के अंतिम दृश्य में कैंची निवासी पूर्णानंद को 20 वर्ष बाद आने का वादा कर अचानक अंतर्ध्यान होने के बाद बाबा दरवाजा खटखटाकर पूर्णानंद को आवाज देते दिखाये गये हैं। फिल्म देखने वालों में मोहन लाल साह बाल विद्या मंदिर की 25 छात्राओं और सरस्वती विद्या मंदिर के 55 छात्र-छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे शामिल रहे। फिल्म के प्रदर्शन के बाद दर्शकों को पतीसे का प्रसाद भी वितरित किया गया।
आयोजन में मनमोहन बिष्ट, पंकज बिष्ट, अमित पांडे, सोनू बिष्ट, मनोज कुमार, रोहित गौड़, विनोद कुमार, सूरज, सुनील, अमित साह, विवेक वर्मा, संजय, प्रदीप कुमार, तरुण लूथरा, भवान बिष्ट, ललित बिष्ट, सूरज राणा, गौरव आर्या, संजय बिष्ट, अमित मेहरा, विनायक साह, अम्मू पांडे, सोनू कुमार, पवन कन्याल, बॉबी बिष्ट, रौनक सक्सेना, कुणाल बेदी और चेतन बिष्ट सहित अन्य लोगों की भूमिका रही। संगठन की ओर से मनमोहन बिष्ट ने बताया कि रविवार के प्रदर्शन को मिली प्रतिक्रिया को देखते हुए आगामी मंगलवार और रविवार को भी एक-एक शो रखा गया है। उन्होंने बताया कि मंगलवार शाम चार बजे के शो के टिकट अग्रिम रूप से ही भर चुके हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

