home page

जीबीपीआईईटी के 16 विद्यार्थियों का 9 लाख के सालाना पैकेज पर हुआ चयन

 | 
जीबीपीआईईटी के 16 विद्यार्थियों का 9 लाख के सालाना पैकेज पर हुआ चयन


पौड़ी गढ़वाल, 14 अक्टूबर (हि.स.)।गोविंद बल्लभ पंत इंजीनियरिंग कॉलेज (जीबीपीआईईटी), घुड़दौड़ी के विद्यार्थियों ने कैंपस प्लेसमेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। संस्थान में आयोजित पीआई इन्फोटेक के प्लेसमेंट ड्राइव में विभिन्न इंजीनियरिंग शाखाओं के 16 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। चयनित विद्यार्थियों को 9 लाख रुपये वार्षिक का पैकेज मिलेगा।

प्लेसमेंट ड्राइव में सिविल इंजीनियरिंग से उत्कर्ष कुशवाहा और प्रियांशी मंमगाईं, मैकेनिकल इंजीनियरिंग से अखिलेश रघुवंशी, कर्तव्य अग्रवाल और प्रियांशु उनियाल, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग से रचिता पंत और विश्वास भाटिया का चयन हुआ।

वहीं, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (एआई/एमएल) से अनन्या नेगी, पलक जेठी और ओजस्वी अरोड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग से शुभम सिंह रावत, अरनव बंसल और क्षितिज गोयल व इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग से समृद्धि भट्ट, विधि नबियाल और सृष्टि रावत ने सफलता हासिल की।

संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) वीके बंगा ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और रोजगारपरक प्रशिक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी तकनीकी दक्षता और व्यावसायिक कौशल को लगातार बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।

डीन प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट डॉ. केएस भाटिया ने कहा कि 16 विद्यार्थियों का 9 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर चयन संस्थान के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के लिए तकनीकी ज्ञान के साथ संचार कौशल और साक्षात्कार की तैयारी पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने इस सफलता के लिए संबंधित विभागों, शिक्षकों और प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट टीम के प्रयासों की सराहना की।

प्लेसमेंट ड्राइव के आयोजन में विभिन्न विभागों के समन्वयक डॉ. सिद्धार्थ घनसेला, डॉ. सुमित राणा, डॉ. मीनाक्षी कठैत और डॉ. सरीश चंद्रवंशी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संस्थान प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि अन्य छात्र-छात्राओं को भी बेहतर प्रदर्शन और रोजगार के अवसर हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह