जन समाधान दिवस में 137 शिकायतें, भूमि विवाद और अतिक्रमण के मामले अधिक, जांच के निर्देश
देहरादून, 21 सितंबर (हि.स.)। देहरादून जिले में सोमवार को आयोजित जन समाधान दिवस में 137 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें अधिकांश मामले भूमि विवाद, सरकारी भूमि पर कथित कब्जे और अतिक्रमण से संबंधित रहे। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों की जांच कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व केके मिश्रा और अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार की संयुक्त अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित किया गया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं।
विकासनगर निवासी सुनील पठानिया ने शिकायत की कि उनकी जानकारी के बिना यूपीआई के माध्यम से 99 हजार रुपये किसी अन्य व्यक्ति के खाते में स्थानांतरित हो गए। मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों ने पुलिस क्षेत्राधिकारी विकासनगर को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
लखवाड़ बांध परियोजना से प्रभावित लूहन, लखस्यार, डांडा और खेड़ा गांव के ग्रामीणों ने पुनर्स्थापना अनुदान (कृषि मजदूरी) से वंचित पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि कुछ पात्र परिवार आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध नहीं करा पाने के कारण अनुदान से वंचित रह गए। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को स्थलीय और अभिलेखीय जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
जॉलीग्रांट, डोईवाला के ग्रामीणों ने ग्राम सभा और ग्राम समाज की सरकारी भूमि पर कथित अवैध कब्जे तथा प्लॉटिंग की शिकायत की। शिकायत में ग्राम समाज, नदी-जोहड़, तालाब, जंगलात और कृषि भूमि पर कथित प्लॉटिंग के अलावा वर्ष 1965 में ट्यूबवेल एवं सिंचाई नहर के लिए छोड़ी गई भूमि पर अतिक्रमण का आरोप लगाया गया। उप जिलाधिकारी डोईवाला को अभिलेखीय और स्थलीय जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
राजीव बाल विद्या मंदिर जूनियर हाई स्कूल, चकमनसा की प्रबंधक आनंदी देवी ने विद्यालय के सामने स्थित 0.102 हेक्टेयर सरकारी भूमि को खेल मैदान और विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए आवंटित करने अथवा दीर्घकालिक लीज पर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। अपर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी विकासनगर को राजस्व अभिलेखों और भूमि की वास्तविक स्थिति का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
डालनवाला निवासी 78 वर्षीय माया देवी ने बहू पर उन्हें घर से बाहर किए जाने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि मकान उनके पति के नाम है और दिसंबर 2024 में पुत्र की मृत्यु के बाद उन्हें मकान में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
टर्नर रोड स्थित एकता विहार के निवासियों ने हरिद्वार बाईपास के समीप करीब 450 फीट लंबी भूमि पट्टी से कथित अवैध कब्जा हटाने की मांग की। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, यह भूमि पहले ग्राम समाज के अधीन थी और नगर निगम के गठन के बाद नगर निगम के अधीन आ गई। उन्होंने सी-15 मार्ग के चौड़ीकरण तथा भूमि पर कूड़ा डाले जाने से उत्पन्न समस्या के समाधान की भी मांग की। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में आर्थिक सहायता, भरण-पोषण अधिनियम, आपसी विवाद और वित्तीय धोखाधड़ी समेत विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें भी प्राप्त हुईं। कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि कुछ अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।----------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

