home page

उत्तराखंड में नौ दिन बंद रहेगी 104 स्वास्थ्य हेल्पलाइन,10 नवंबर से फिर शुरू होंगी सेवाएं

 | 

देहरादून, 01 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और परामर्श उपलब्ध कराने वाली 104 स्वास्थ्य हेल्पलाइन की सेवाएं एक से नौ नवंबर तक अस्थायी रूप से बंद रहेंगी। नई कार्यदायी संस्था को जिम्मेदारी सौंपने और नया सॉफ्टवेयर स्थापित करने के चलते यह निर्णय लिया गया है। हेल्पलाइन का संचालन 10 नवंबर से दोबारा शुरू होगा।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), उत्तराखंड की ओर से रविवार को जारी सूचना के अनुसार, इस अवधि में नागरिक 104 नंबर के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी, परामर्श और अन्य संबंधित सेवाओं का लाभ नहीं ले सकेंगे।

मिशन के अंतर्गत संचालित हेल्पलाइन का जिम्मा अब नई कार्यदायी संस्था वी विन लिमिटेड को सौंपा गया है। संस्था 10 नवंबर से हेल्पलाइन का संचालन शुरू करेगी। इसके लिए नया सॉफ्टवेयर स्थापित करने के साथ ही तकनीकी परीक्षण और अन्य आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने हेल्पलाइन बंद रहने के दौरान नागरिकों से आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं और परामर्श के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा संबंधित स्वास्थ्य संस्थान से संपर्क करने की अपील की है।

एनएचएम के निदेशक डॉ. अमित शुक्ला ने बताया कि नई एजेंसी के माध्यम से संचालन शुरू करने और सॉफ्टवेयर स्थापित करने की प्रक्रिया के चलते हेल्पलाइन सेवाएं नौ दिन तक बंद रहेंगी। उन्होंने कहा कि 10 नवंबर से सेवाएं दोबारा शुरू करने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। मिशन ने इस अस्थायी व्यवधान से होने वाली असुविधा पर खेद जताया है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय