home page

श्रीकोटखाल में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 25 नवंबर (हि.स.)। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को ईशा फाउंडेशन की इकाई उत्तरा केयर हॉस्पिटल, पौड़ी गढ़वाल द्वारा एकेश्वर ब्लॉक के श्रीकोटखाल स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय में निशुल्क स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 50 से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श किया गया।

शिविर में मुख्य चिकित्सक डॉ. जेपी चमोली ने मरीजों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। वहीं, एएसजी आई हास्पिटल की विशेषज्ञ टीम द्वारा भी ग्रामीणों की निःशुल्क नेत्र जांच की गई और आँखों से संबंधित समस्याओं के लिए आवश्यक परामर्श दिया गया। शिविर के दौरान सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ ईसीजी, रक्तचाप, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन, ऑक्सीजन स्तर, नाड़ी एवं बीएमआई जैसी विभिन्न जाँचें निशुल्क की गईं। इसके अतिरिक्त जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क दवाइयाँ भी वितरित की गईं।

शिविर को सफल बनाने में सामाजिक कार्यकर्ता उमाकांत पांथरी का विशेष सहयोग रहा। उनके द्वारा क्षेत्र के ग्रामीणों को शिविर की जानकारी दी गई तथा लोगों को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए प्रेरित कर शिविर तक पहुंचने में सहयोग किया गया। उनके स्थानीय स्तर पर किए गए जनसंपर्क एवं सहयोग से क्षेत्र के लोगों को इस स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाने का अवसर मिला।

शिविर के आयोजन एवं व्यवस्थाओं में कैंप कोऑर्डिनेटर अमन कुमार एवं सुपरवाइजर काजल रावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके द्वारा मरीजों के पंजीकरण, जांच व्यवस्था, चिकित्सा टीमों के समन्वय एवं शिविर के सुव्यवस्थित संचालन की जिम्मेदारी निभाई गई।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह