home page

नैनीताल में कुछ घंटों के अंतराल पर दो दुकानों में लगी आग, गैस सिलेंडर फटने से मची अफरा-तफरी

 | 
नैनीताल में कुछ घंटों के अंतराल पर दो दुकानों में लगी आग, गैस सिलेंडर फटने से मची अफरा-तफरी


नैनीताल, 31 जुलाई (हि.स.)। नैनीताल के मल्लीताल क्षेत्र में गुरुवार देर रात और शुक्रवार तड़के कुछ घंटों के अंतराल पर दो दुकानों में आग लगने की घटनाएं हुईं। पहली घटना में एक खिलौनों की दुकान में आग लगी, जबकि दूसरी घटना में फास्ट फूड की दुकान में आग लगने के बाद गैस सिलेंडर फटने से अफरा-तफरी मच गई। दोनों घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि एक युवक मामूली रूप से घायल हो गया। अग्निशमन विभाग ने भारी वर्षा के बीच समय रहते आग पर काबू पाकर आसपास की दुकानों को चपेट में आने से बचा लिया। प्रारंभिक जांच में दोनों घटनाओं का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि पहली घटना रात करीब ढाई बजे मल्लीताल स्थित आर्य समाज मंदिर के पास बच्चों के खिलौनों की दुकान में हुई। आग बुझाने में लगभग आधा घंटा लगा और दुकान में रखा सामान जलने से करीब 10 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान है। दूसरी घटना सुबह करीब पांच बजे न्यू पालिका बाजार-तिब्बती माला मार्केट स्थित तिब्बती मोमो-चाउमिन की दुकान में हुई।

आग लगने के समय दुकान के भीतर कर्मचारी सो रहे थे, जिन्होंने पीछे की खिड़की से कूदकर अपनी जान बचाई। इसके कुछ ही देर बाद दुकान में रखा गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे आग और भड़क गई। आग बुझाने के दौरान साहिल नामक युवक का हाथ टिन हटाते समय कट गया। उसे बीडी पांडे जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। अग्निशमन विभाग ने करीब डेढ़ से दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया। अभियान में अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र नेगी, नानक चंद्र, जय प्रकाश, भूपेंद्र, प्रीति बिष्ट, कविता सकलानी, रूपा राणा, राजेंद्र बिष्ट, विनोद जोशी सहित अन्य कर्मियों ने भाग लिया। अग्निशमन विभाग ने बताया कि दोनों घटनाओं के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी