भीमताल में 14 एवं 15 नवम्बर को दो दिवसीय लेक कार्निवाल में सजेगी सांस्कृतिक और बॉलीवुड प्रस्तुतियों की महफिल
नैनीताल, 13 नवंबर (हि.स.)। जनपद के भीमताल में आगामी 14 एवं 15 नवम्बर को दो दिवसीय लेक कार्निवाल का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान दोनों दिन सांस्कृतिक और मनोरंजन से भरपूर संध्याएं सजेंगी।
लेक कार्निवाल आयोजन समिति के सचिव नितिन राणा ने बताया कि 14 नवम्बर को शाम 7 बजे से भीमताल डांठ में उत्तराखंड फोक नाइट आयोजित होगी। इसमें प्रसिद्ध लोकगायिका स्वाति भट्ट और लोकगायक किशन महिपाल अपनी प्रस्तुतियों से उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और संगीत की छटा बिखेरेंगे। साथ ही विहान सांस्कृतिक ग्रुप अल्मोड़ा की ओर से भी प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
उन्होंने बताया कि कार्निवाल के दूसरे दिन 15 नवम्बर को शाम 7 बजे से बॉलीवुड नाइट आयोजित की जाएगी। इसमें दिल्ली का प्रसिद्ध द तत्व बैंड अपनी संगीत प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेगा। साथ ही रुद्रपुर का हुड़किया बैंड भी प्रस्तुति देगा।
राणा ने बताया कि इस दौरान डांठ पार्किंग और दीनदयाल पार्क स्थित पार्किंग स्थल बंद रहेंगे। वाहनों की पार्किंग के लिए एलपी इंटर कॉलेज और जिला पंचायत डाक बंगले में व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों और पर्यटकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्निवाल में पहुंचकर सांस्कृतिक आयोजन का आनंद लेने की अपील की है।
इस दौरान लेक कार्निवाल आयोजन समिति के सह संयोजक पंकज जोशी, उपाध्यक्ष नीतेश बिष्ट, सांस्कृतिक सचिव पूरन जोशी, संयुक्त सचिव शरद पांडे और मोहित पडियार, कमल जोशी, पंकज उप्रेती, प्रकाश कन्नौजिया, प्रकाश आर्या, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत और सहायक परियोजना निदेशक चंदा फर्त्याल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

