इस वर्ष एसआरटी परिसर में होंगी अंतर महाविदालय कबड्डी, वॉलीबाल और बैडमिंटन प्रतियोगिताएं
नई टिहरी, 24 अगस्त (हि.स.)। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि के एसआरटी परिसर बादशाहीथौल नई टिहरी में क्रीड़ा परिषद की बैठक में खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन सहित छात्र-छात्राओं की उपलब्धि पर चर्चा की गई। इस वर्ष परिसर में अंतर महाविद्यालय पुरूष वर्ग की कबड्डी, वालीबाल और महिला वर्ग में बैडमिंटन प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।
सोमवार को बादशाहीथौल में परिसर निदेशक प्रो. एए बौड़ाई और क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष प्रो. पीडी सेमल्टी की देखरेख में बैठक संपन्न हुई। परिषद के सचिव प्रो. केसी पेटवाल ने गत सत्र में परिसर में आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं, खिलाड़ियों की उपलब्धियों की रिपोर्ट बताई। बताया कि परिसर के छात्र धीरज ने विवि चैंपियन बनने के साथ ही ऑल इंडिया राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में परिसर के 24 छात्र-छात्राओं ने अंतर विश्वविद्यालय नॉर्थ जोन प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। पुरुष व महिला खो-खो टीमें विवि चैंपियन बनीं। बैडमिंटन महिला एकल वर्ग में छात्रा मानसी कोठारी ने शानदार प्रदर्शन किया।
बैठक में आगामी सत्र के खेल आयोजनों व खिलाड़ियों को दी जाने वाली सुविधाओं पर चर्चा की गई। पेटवाल ने बताया कि वर्तमान सत्र में छात्र-छात्राओं के खेल भत्ते को 350 से बढ़ाकर 400 रूपये, खेल प्रशिक्षक, मैनेजर के मानदेय को 500 से बढ़ाकर 600 रूपये करने का प्रस्ताव है। निदेशक प्रो. बौड़ाई ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर प्रो. एबी थपलियाल प्रो. यूएस नेगी, डॉ. आशुतोष, डॉ. पित्रेश भट्ट, डॉक्टर हंसराज बिष्ट, डॉ. दिनेश नेगी, भगत सिंह चौहान, रविंद्र नेगी मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

