home page

गोल्डन कार्ड की व्यवस्था में सुधार की उठाई मांग

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 26 मार्च (हि.स.) उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रीयल सर्विसेज एसोसिएशन ने प्रदेश में संचालित गोल्डन कार्ड (आयुष्मान/स्वास्थ्य योजना) व्यवस्था को सुधारने की मांग उठाई है।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने गुरुवार को पौड़ी जिले पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री को ज्ञापन देकर जल्द व्यवस्था को सुधारने की मांग की। एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि योजना के तहत प्रतिमाह वेतन से कटौती होने के बावजूद कई अस्पतालों द्वारा मरीजों को उपचार हेतु भर्ती नहीं किया जा रहा है, जिससे कार्मिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात करते हुए उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रीयल सर्विसेज एसोसिएशन शाखा पौड़ी के जिलाध्यक्ष सीताराम पोखरियाल ने स्वास्थ्य मंत्री से प्रदेश में संचालित गोल्डन कार्ड (आयुष्मान/स्वास्थ्य योजना) व्यवस्था को सुधारने की मांग उठाई है।

बताया कि स्वास्थ्य मंत्री ने जल्द ही इस मामले में एसोसिएशन, स्वास्थ्य प्राधिकरण, शासन के सचिव के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष भारत बिष्ट आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह