टिहरी जनपद में धूमधाम से मनाया गया दीपावली का त्योहार
नई टिहरी, 09 नवंबर (हि.स.)। दीपावली का त्योहार जिलेभर में धूमधाम से मनाया गया। जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों तक दीपावली की धूम रही। घरों और प्रतिष्ठानों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया। शाम होते ही दीपों की रोशनी से घर-आंगन जगमगा उठे। लोगों ने विधि-विधान से मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
टिहरी जिले में देश के सबसे बड़े त्योहार दीपावली को हर्षोल्लास से मनाया गया। कहीं से भी किसी दुर्घटना अथवा आगजनी की सूचना नहीं मिली। दीपावली के बाद अब लोगों में इगास बग्वाल और मंगसीर की दीपावली को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह बना हुआ है। पूजा के बाद लोगों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और मिठाइयां बांटकर खुशियां साझा कीं। बच्चों और युवाओं में आतिशबाजी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। देर रात तक पटाखों और फूलझड़ियों से आसमान रोशन रहा।
ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने पारंपरिक तरीके से भैलो खेलकर दीपोत्सव की खुशियां मनाईं। ढोल-दमाऊं की थाप और लोक परंपराओं ने पर्व के उल्लास को और बढ़ाया। दीपावली पर बाजारों और मोहल्लों में रौनक रही।
इधर, जौनपुर ब्लाक के सकलाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत हटवाल गांव में दीपावली के अवसर पर रात्रि जागरण मंडाण का आयोजन किया गया। ग्रामीणों ने देवी लक्ष्मी की पूजा कर सामूहिक भैलो और मंडाण के तहत जागर, पंवाडा नृत्य किया। ग्राम प्रधान श्रीमती करिश्मा हटवाल, सामाजसेवी हुकम सिंह हटवाल ने कहा कि सनातन संस्कृति का संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम संयोजक अनिल हटवाल ने कहा कि पहली बार गांव में इस प्रकार का आयोजन किया गया।
बड़ी संख्या में युवाओं ने मंडाण में नृत्य किया। इस मौके पर रोहित, मतेंद्र, राजपाल, अंशुल हटवाल, नवीन सिंह, देवेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, गजेंद्र हटवाल, सचिन हटवाल, अनार सिंह आदि मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

