दवाई लेने गई महिला दो दिन बाद मार्चुला से सकुशल बरामद
पौड़ी गढ़वाल, 20 अगस्त (हि.स.)। धुमाकोट क्षेत्र में दवाई लेने के लिए घर से निकली महिला के वापस नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। सूचना मिलने पर धुमाकोट पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर महिला की तलाश शुरू की और गुरुवार को उसे मार्चुला, रामनगर से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
अपर उपनिरीक्षक विजय नौटियाल ने बताया कि घोड़पाल निवासी एक व्यक्ति ने 19 अगस्त को थाना धुमाकोट में तहरीर देकर बताया कि उनकी पत्नी पूजा देवी 17 अगस्त की सुबह दवाई लेने के लिए बीरोंखाल गई थीं। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन और पूछताछ की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने पतारसी-सुरागरसी के साथ सर्विलांस की मदद से महिला की तलाश तेज की। लगातार प्रयासों के बाद 20 अगस्त को महिला को मार्चुला, रामनगर से सकुशल बरामद कर लिया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद महिला को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस टीम में कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह, महिला कांस्टेबल निशा चौहान और सितान्शु शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

