home page

पौड़ी में जनता मिलन में डीएम को बताई समस्याएं

 | 
पौड़ी में जनता मिलन में डीएम को बताई समस्याएं


पौड़ी गढ़वाल, 20 जुलाई (हि.स.)। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान फरियादियों ने पेयजल किल्लत, खस्ताहाल सड़क, बारिश के दौरान मलबा आने से फलदार पेड़ों को नुकसान होने की शिकायत बताई। डीएम ने संबंधित अफसरों को जल्द समस्याओं का हल करने के निर्देश दिए।

सोमवार को आयोजित जनता दरबार में बीरोंखाल के सिंदुड़ी बड़ी की ग्राम प्रधान सविता देवी ने भूमि रजिस्ट्री के लिए बीरोंखाल में विशेष शिविर आयोजित कराने की मांग की, जिस पर जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी को तिथि निर्धारित कर शिविर लगाने के निर्देश दिए। वहीं, महिला मंगल दल के लिए टीन शेड निर्माण सहित अन्य मांगों पर डीपीआरओ को जांच करने को कहा।

बैंग्वाड़ी निवासी मनमोहन सिंह ने वर्ष 2025 में गदेरे के बहाव से बगीचे की पुश्ता, सब्जियों एवं फलदार पेड़ों को हुए नुकसान की शिकायत की, जिस पर संयुक्त मजिस्ट्रेट पौड़ी को राजस्व उपनिरीक्षक से मौके का निरीक्षण कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं, पौड़ी निवासी विनोद कुमार जोशी द्वारा पौड़ी-कोटद्वार मार्ग पर ईटीसी गदेरे के पानी से सड़क क्षतिग्रस्त होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने एनएच अधिकारियों को तत्काल स्थल निरीक्षण कर स्थायी समाधान के निर्देश दिए। इस मौके पर सीडीओ अशोक जोशी, डीएफओ सिविल सोयम पवन नेगी, एडीएम एफआर चौहान, एसडीएम गौरी प्रभात, सीएमओ डा. शिवमोहन शुक्ला, सीवीओ डा. विशाल शर्मा, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह