कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रावत का कार्यकाल बढ़ा, कूटा ने किया अभिनंदन
नैनीताल, 24 जुलाई (हि.स.)। कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत का कार्यकाल छह महीने अथवा नियमित कुलपति की नियुक्ति होने तक के लिए बढ़ा दिया गया है। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने नियमित कुलपति के चयन की प्रक्रिया में समय लगने के कारण यह अंतरिम व्यवस्था की है।
कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कूटा) के पदाधिकारियों ने कार्यकाल बढ़ने पर शुक्रवार को कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत से शिष्टाचार भेंट कर उनके कार्यकाल में हुए विस्तार पर शॉल ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया। उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कूटा के पदाधिकारियों ने विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों के सफल संचालन की कामना की। साथ ही शिष्टमंडल ने कुलपति से विश्वविद्यालय में कार्यरत संविदा शिक्षकों के अनुबंध का नवीनीकरण शीघ्र जारी कराने का भी आग्रह किया, ताकि शिक्षण कार्य प्रभावित न हो और संविदा शिक्षकों की सेवाएं निर्बाध रूप से जारी रह सकें। कूटा के प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी, डॉ. नागेन्द्र शर्मा तथा डॉ. संतोष कुमार शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

