home page

रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग पर टेंपो ट्रैवलर दुर्घटनाग्रस्त, एक की माैत

 | 
रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग पर टेंपो ट्रैवलर दुर्घटनाग्रस्त, एक की माैत


नैनीताल, 14 अगस्त (हि.स.)। शुक्रवार को नैनीताल जनपद के रामगढ़-मुक्तेश्वर मोटर मार्ग पर यात्रियों से भरा एक टेंपो ट्रैवलर वाहन सड़क से लगभग 25 मीटर गहरी खाई में गिर गया। दुर्घटना के बाद पुलिस, अग्निशमन सेवा, राज्य आपदा प्रतिवादन बल और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त खोज एवं बचाव अभियान चलाकर 21 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला, जबकि वाहन में फंसे एक यात्री को निकालने के प्रयास जारी हैं। इस यात्री की मृत्यु होने की बात सामने आयी है। दुर्घटना के बाद फरार हुए चालक को पुलिस ने अभिरक्षा में ले लिया है।

नैनीताल पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन संख्या यूपी14टीक्यू-9690 में चालक सहित कुल 22 लोग सवार थे। जनपद के पुलिस अधीक्षक-अपराध एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में भवाली के क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल, भवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रकाश मेहरा, स्थानीय पुलिस, अग्निशमन सेवा, राज्य आपदा प्रतिवादन बल और ग्रामीणों ने तत्काल खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया। दुर्घटना में 24 वर्षीय सुमित पाल सिंह निवासी फरीदाबाद की मृत्यु होने की बात सामने आयी है, जबकि गंभीर घायल मनीष कुमार (25), नंदिनी (22), तुषार कुमार (21), लक्ष्मी (27), 17 वर्षीय किशोर मयंक, प्रदीप कुमार (26), रितिका (23), हर्ष वर्मा (26), पायल (22), आनंद (27), अजय (25), अंजलि (22), 10 माह की बालिका मिस्टी और यश कुमार (27) को प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय हल्द्वानी संदर्भित किया गया है। धर्मेंद्र (24), डॉली (25), अंजलि (23), धीरज (25), अंकित (26) और सोनिया (23) सुरक्षित हैं। पुलिस के अनुसार वाहन में फंसे एक यात्री को गैस कटर सहित अन्य उपकरणों की सहायता से बाहर निकालने का अभियान जारी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। सभी यात्री फरीदाबाद हरियाणा और दिल्ली के निवासी बताये जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी