लोक भवन में मनाया गया तेलंगाना राज्य का स्थापना दिवस
नैनीताल, 02 जून (हि.स.)। उत्तराखंड के लोक भवन नैनीताल में मंगलवार को तेलंगाना राज्य का स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया।
इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर में अध्ययनरत तेलंगाना के विद्यार्थियों से संवाद कर प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल ने कहा कि तेलंगाना अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संपदा, वन्यजीवों तथा विकासोन्मुख दृष्टिकोण के लिए देश में विशिष्ट पहचान रखता है। उन्होंने कृषि, तकनीकी एवं साइबर क्षेत्र में राज्य की उपलब्धियों की सराहना करते हुए इन्हें प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों के स्थापना दिवस मनाने से देश की सांस्कृतिक विविधता को समझने तथा आपसी संवाद को बढ़ावा मिलता है। “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना राष्ट्रीय एकात्मता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इस अवसर पर तेलंगाना के विद्यार्थियों ने उत्तराखंड में अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर प्रथम महिला गुरमीत कौर, गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के प्रो. डीएस मूर्ति सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

