home page

पांच दिवसीय टिहरी वाटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिताएं संपन्न

 | 
पांच दिवसीय टिहरी वाटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिताएं संपन्न


देहरादून, 12 अप्रैल (हि.स.)। टिहरी झील में आईटीबीपी की ओर से आयोजित पांच दिवसीय अखिल भारतीय पुलिस जल क्रीड़ा प्रतियोगिता(एआईपीडब्ल्यूएससी) का पुरस्कार वितरण के साथ ही संपन्न हो गया। इसमें कयाकिंग, कैनोइंग और रोइंग की कुल 52 स्पर्धा में खिलाड़ियों ने प्रतिस्पर्धा की।

प्रतियाेगिता में सीआईएसएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी और असम राइफल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में सीआईएसएफ ने सर्वाधिक 20 मेडल जीते। रविवार को कोटी कालोनी में एआईपीडब्ल्यूएससी प्रतियोगिता का आईटीबीपी के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर और टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने समापन किया। मेडल सेरेमनी के दौरान आईटीबीपी के आईजी मनु महाराज ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सफल आयोजन पर सभी का आभार जताया।आईटीबीपी के डीजी शत्रुजीत कपूर ने प्रतिभागियों द्वारा प्रदर्शित उच्च स्तरीय पेशेवर दक्षता,अनुशासन एवं खेल भावना की सराहना की। कहा कि ऐसे आयोजन न केवल शारीरिक दक्षता को बढ़ाते हैं,बल्कि विभिन्न पुलिस बलों के बीच समन्वय एवं सौहार्द को भी सुदृढ़ करते हैं। महिला वर्ग में आईटीबीपी की खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते कर शीर्ष स्थान हासिल किया।

पुरुष वर्ग की स्पर्धाओं में बीएसए और असम राइफल्स विजेता बना। ओवरऑल सीआईएसएफ ने सर्वाधिक 20 मेडल जीते। जिसमें रोइंग और कैनोइंग में 3-3 और कयाकिंग में 1 गोल्ड शामिल है। रोइंग, कयाकिंग, कैनोइंग में 2-2 सिल्वर जीते। रोइंग में दो,कैनोइंग में 4,कयाकिंग में एक कांस्य जीता। सीआईएसएफ के कमांडेंट गौरव तोमर ने टीम के शानदार प्रदर्शन पर खुशी व्यक्त की और शुभकामनाएं दी। विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि उत्तराखंड की टिहरी झील में आयोजित यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए कौशल, सहनशक्ति एवं टीम भावना प्रदर्शित करने का एक उत्कृष्ट मंच सिद्ध हुई। इस मौके पर डिप्टी कमांडेंट बलविंदर सिंह, एसआई राजीव नेगी, रवि आदि मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल