home page

टिहरी में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, भिलंगना नदी उफान पर

 | 
टिहरी में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, भिलंगना नदी उफान पर


टिहरी, 28 जुलाई (हि.स.)। टिहरे जिले में भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार बारिश से भिलंगना नदी उफान पर है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। भारी बारिश के कारण कई सड़क मार्ग भी प्रभावित हुए हैं।

जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय के अनुसार मंगलवार सुबह तक जनपद में औसतन 67.23 मिमी बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक 109 मिमी बारिश टिहरी क्षेत्र में हुई, जबकि धनोल्टी में 88 मिमी, कीर्तिनगर में 70 मिमी, नरेंद्रनगर में 63 मिमी, देवप्रयाग में 38.4 मिमी और घनसाली में 35 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। टिहरी बांध का जलस्तर सुबह 8 बजे 789.20 मीटर दर्ज किया गया तथा 194 क्यूमेक्स पानी का डिस्चार्ज किया गया। भारी बारिश को देखते हुए घनसाली एसडीएम मंजू राजपूत के निर्देश पर तहसील क्षेत्र के कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालय मंगलवार को बंद रखे गए।

बारिश के कारण ऋषिकेश-चंबा राष्ट्रीय राजमार्ग-34 आमसेरा के पास सुबह मलबा आने से बाधित हो गया था, जिसे करीब एक घंटे बाद खोल दिया गया। वहीं यमुना पुल-बड़कोट राष्ट्रीय राजमार्ग-507 और टिहरी-मलेथा राष्ट्रीय राजमार्ग-707ए पर भी भूस्खलन से यातायात प्रभावित हुआ। टिहरी-मलेथा मार्ग को कुछ घंटों में खोल दिया गया, जबकि यमुना पुल-बड़कोट मार्ग देर शाम तक बाधित रहा।

लोक निर्माण विभाग के अनुसार जिले में कुल 33 मोटर मार्ग प्रभावित हुए हैं, जिनमें से 26 को यातायात के लिए खोल दिया गया। देर शाम तक दो जिला मार्ग और पांच ग्रामीण मार्ग सहित सात सड़कें बंद रहीं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत 19 ग्रामीण सड़कें बाधित हुईं, जिनमें आठ को सुचारू कर दिया गया, जबकि 11 सड़कें देर शाम तक बंद रहीं।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया कि जनपद में कहीं से भी विद्युत अथवा पेयजल आपूर्ति बाधित होने की सूचना नहीं मिली है। बंद मार्गों को जल्द खोलने के लिए संबंधित विभागों की मशीनें और टीमें लगातार कार्य कर रही हैं।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय