home page

गंगा नदी और आसपास के जंगलों में लापता व्यक्ति की तलाश जारी

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 02 नवंबर (हि.स.)।लक्ष्मणझूला क्षेत्र से लापता नोएडा निवासी 52 वर्षीय नीरज गुप्ता की तलाश में पुलिस का सर्च अभियान लगातार जारी है। पुलिस, एसडीआरएफ और वन विभाग की टीमें संयुक्त रूप से गंगा नदी, नदी तटों और आसपास के जंगलों में संभावित स्थानों पर खोजबीन कर रही हैं। हालांकि, अब तक लापता व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

जानकारी के अनुसार, नीरज गुप्ता निवासी नोएडा, जनपद गौतमबुद्धनगर (उत्तर प्रदेश) को 27 अक्टूबर को भोगपुर तल्ला स्थित पनम्बी रिसोर्ट से गंगा नदी की ओर जाते हुए देखा गया था। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया। उनके लापता होने की सूचना मिलने पर थाना लक्ष्मणझूला पुलिस ने तलाश शुरू की।

लापता व्यक्ति की खोज के लिए पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें गंगा नदी के आसपास सघन तलाशी अभियान चला रही हैं। नदी के तटों, संभावित आवागमन मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर कॉम्बिंग की जा रही है। वहीं, वन विभाग की टीम आसपास के जंगलों और दुर्गम क्षेत्रों में भी तलाशी अभियान चला रही है।

सभी टीमें आपसी समन्वय के साथ लगातार संभावित क्षेत्रों को खंगाल रही हैं। पुलिस का कहना है कि नीरज गुप्ता की तलाश के लिए अभियान जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह