home page

भागदौड़ भरी जिंदगी में मेंटल हेल्थ का रखें उचित ख्यालः डॉ. मिश्रा

 | 
भागदौड़ भरी जिंदगी में मेंटल हेल्थ का रखें उचित ख्यालः डॉ. मिश्रा


नई टिहरी, 10 अक्टूबर (हि.स.)। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर जिला अस्पताल में गोष्ठी का आयोजन किया गया। वहीं विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जिला कारागार में विधिक एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इस अवसर पर राजकीय नर्सिंग कॉलेज सुरसिंगधार के छात्र-छात्राओं ने बाजार से जिला अस्पताल तक जन जागरूकता रैली निकाली।

शनिवार को जिला अस्पताल बौराड़ी में गोष्ठी का एसीएमओ डॉ. चंदन मिश्रा, सीएमएस डॉ. बृजेश डोभाल, निश्चेतक डॉ. शैलेंद्र बर्त्वाल और मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. नीरज करदम ने शुभारंभ किया। कहा कि मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सभी को सजग रहना चाहिए। भागदौड़ भरी जिंदगी में अपनी सेहत के साथ खिलवाड़ न करें। मोबाइल और गैजेट्स का न्यून प्रयोग सहित परिवार के साथ समय जरूर बिताएं।

इस दौरान छह टीमों के बीच मानसिक स्वास्थ्य विषय को लेकर क्विज कराई गई। जिसमें टीम सी विजेता बनी। विजेता टीमों सहित प्रतिभागियों को अस्पताल प्रबंधन ने पुरस्कृत किया।

इस मौके पर डॉ. रीना सिंह, डॉ. यश मोहन, डॉ. कुमुद पैन्यूली, देवंती डबराल, मालती रावत, गंगा नेगी, सुधा पांडेय, सतीश थपलियाल, प्रकाश डोभाल सहित नर्सिंग कॉलेज सुरसिंगधार के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। इधर, विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जिला कारागार में आयोजित शिविर में प्राधिकरण के सचिव दयाराम और अधिवक्ता राजपाल सिंह मियां ने जेल बंदियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। डॉ. नीरज करदम और डॉ. रीना सिंह ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, तनाव प्रबंधन और मानसिक समस्याओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के संबंध में परामर्श दिया। इस मौके पर प्रोग्राम मैनेजर विवेक बागड़ी, अधिकार मित्र गुड्डी देवी, कृष्णा रौतेला, अजय नेगी मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी