home page

स्विट्जरलैंड की डॉ. लुसिने उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में विजिटिंग प्रोफेसर के रूप में चयनित

 | 
स्विट्जरलैंड की डॉ. लुसिने उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में विजिटिंग प्रोफेसर के रूप में चयनित


हल्द्वानी , 16 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की इंटरनेशनल रिलेशन्स यूनिट द्वारा संचालित विजिटिंग प्रोफेसर फेलोशिप के अंतर्गत स्विट्जरलैंड स्थित स्विस डिस्टेंस यूनिवर्सिटी ऑफ एप्लाइड साइंसेज (FFHS) की डॉ. लुसिने म्कर्तच्यान का चयन किया गया है। वे 16 से 29 नवम्बर 2026 तक विश्वविद्यालय के शैक्षणिक प्रवास पर रहेंगी।

प्रवास के दौरान डॉ. म्कर्तच्यान विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधार्थियों एवं शिक्षार्थियों के साथ विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों में प्रतिभाग करेंगी। वे 18 नवम्बर 2026 को आयोजित विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भी सम्मिलित होंगी।

इस दौरान पाठ्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के एकीकरण, मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा में गुणवत्ता आश्वासन, डिजिटल शिक्षण तथा संयुक्त शोध की संभावनाओं जैसे विषयों पर सेमिनार, कार्यशालाएँ एवं शैक्षणिक संवाद आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, वे विश्वविद्यालय की विभिन्न विद्याशाखाओं के शिक्षकों के साथ बैठक कर शोध एवं शैक्षणिक सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा करेंगी।

डॉ. म्कर्तच्यान विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केंद्रों, शिक्षार्थी सहायता केंद्रों, सामुदायिक रेडियो स्टेशन, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रोडक्शन सेंटर तथा अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का भ्रमण भी करेंगी। इस दौरान उन्हें उत्तराखण्ड की स्थानीय संस्कृति एवं परंपराओं को जानने-समझने का अवसर मिलेगा।

कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग विश्वविद्यालय की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। विजिटिंग प्रोफेसर फेलोशिप जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षकों एवं शिक्षार्थियों को अन्य देशों की शिक्षण पद्धतियों, शोध अनुभवों और नवीन तकनीकों को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. म्कर्तच्यान का यह प्रवास दोनों संस्थानों के बीच संयुक्त शोध, शैक्षणिक नवाचार और भविष्य में सहयोग की नई संभावनाओं को विकसित करने में सहायक होगा।

इंटरनेशनल रिलेशन्स यूनिट के प्रभारी प्रो. जीतेन्द्र पाण्डे ने बताया कि इस फेलोशिप का उद्देश्य विदेशी विश्वविद्यालयों के विशेषज्ञों के साथ शैक्षणिक अनुभवों का आदान-प्रदान करना तथा शिक्षण, शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में दीर्घकालिक सहयोग को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि डॉ. म्कर्तच्यान के प्रवास के दौरान विश्वविद्यालय की विभिन्न विद्याशाखाओं के साथ बैठकें भी आयोजित की जाएंगी, जिनमें संयुक्त शोध एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

डॉ. म्कर्तच्यान का यह शैक्षणिक प्रवास उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक संबंधों को सुदृढ़ करने तथा वैश्विक स्तर पर शैक्षणिक सहयोग के नए अवसर विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता