home page

नैनीताल में 'सतझड़' के बाद हुए धूप के दर्शन

 | 
नैनीताल में 'सतझड़' के बाद हुए धूप के दर्शन


नैनीताल, 08 सितंबर (हि.स.)। नैनीताल में पिछले सात दिनों से लगातार हो रही बारिश के साथ बनी ‘सतझड़’ की स्थिति पर मंगलवार को एक हद तक विराम लगा। लगभग 7 दिन के बाद नगर में सुबह धूप के दर्शन हुए। इससे लोगों ने राहत की सांस ली एवं धूप का सदुपयोग सीलन को दूर करने एवं कपड़ों को सुखाने के लिये किया। जीव जंतु भी धूप का आनंद लेते देखे गये।

अलबत्ता दिन चढ़ने के साथ बादल सूर्यदेव को कुछ समय देने के बाद आसमान में पुनः घिर आये और बारिश भी हुई। लेकिन अपराह्न में मौसम फिर बारिश रुकने के साथ सुहावना हो गया। झील नियंत्रण कक्ष के अनुसार बीते 24 घंटों में 11 मिलीमीटर, बीते 7 दिनों में नगर में 460 मिलीमीटर और जनवरी माह से अब तक 2137 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो कि अभी भी नगर में आम तौर पर वर्षभर में होने वाली 2500 से 3000 मिलीमीटर बारिश से कम है, लेकिन इसके पूरा होने की संभावना जरूर बन गयी है।

बारिश के कारण नैनी झील लबालब भर गयी है और इसके डांठों यानी गेटों को एक इंच खोलकर इसके स्तर को अधिकतम स्तर 89 फिट से कुछ कम 88.2 फिट पर रखा जा रहा है। जनपद की बात करें तो अभी भी 3 राज्य मार्गों- काठगोदाम-हैड़ाखान, गर्जिया-बेतालघाट व रामनगर-बेतालघाट सहित कुल 18 मार्ग अभी भी मलबा आने से बंद हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी