पंच गारा खेल प्रतियोगिता में जुलाण गांव की सुनीता पंवार विजेता
नई टिहरी, 21 अक्टूबर (हि.स.)। पराज-99 बाजार की ओर से एमडीएस पब्लिक लंबगांव में पारंपरिक पंच गारा खेल प्रतियोगिता कराई गई। जिसमें क्षेत्र की 157 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छह राउंड में संपन्न हुई प्रतियोगिता में महिलाओं ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उन्होंने लोक संस्कृति और पारंपरिक खेलों के संरक्षण का भी संदेश दिया।
बता दें कि पंच गारा उत्तराखंड सहित भारत के कई ग्रामीण इलाकों का एक बेहद लोकप्रिय और पारंपरिक खेल है। यह खेल छोटे-छोटे पांच पत्थरों (गिट्टियों) से खेला जाता है। अलग-अलग राज्यों में इसे गिट्टे, पांच गुट्टा, पांचे, पचेटा अथवा पंच गारा के नाम से भी जाना जाता है। यह मुख्य रूप से एकाग्रता, फुर्ती और हाथों के संतुलन को बढ़ाने वाला खेल है। बुधवार को लंबगांव में हुई इस प्रतियोगिता में जुलाण गांव की सुनीता पंवार ने पहला, लंबगांव की उर्मिला ने दूसरा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य संजू देवी और अंजली रांगड़ ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान पर रहीं। प्रथम विजेता को 51 सौ रुपये, द्वितीय को 31 सौ रुपये, तृतीय को 11-11 सौ रुपये की धनराशि मिली।
वहीं पहला पंजीकरण कराने वाली आंगनबाड़ी संगठन की ब्लॉक अध्यक्ष उषा पंवार, सबसे कम अंक प्राप्त करने वाली अंजना को हारे के सहारे के रूप में 11-11 सौ रुपये, उम्रदराज गीता, सीता देवी को 5-5 सौ रुपये देकर सम्मानित किया गया। पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रदीप रमोला, आयोजक दिनेश कलूड़ा ने कहा कि पारंपरिक खेलों को पुनर्जीवित करने की यह पहल सार्थक साबित होगी।
इस मौके पर स्कूल प्रबंधक युद्धवीर कलूड़ा, चंद्रभानु बगियाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव पंवार, समाजसेवी प्रिंसी रावत, सभासद मनीषा बिष्ट, केशव रावत, राधिका पंवार, बबीता देवी, देवेश्वरी देवी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

