home page

साइंस म्यूजियम से राजकीय उद्यान तक पहुंचा नौनिहालों का शैक्षणिक भ्रमण

 | 
साइंस म्यूजियम से राजकीय उद्यान तक पहुंचा नौनिहालों का शैक्षणिक भ्रमण


पौड़ी गढ़वाल, 12 सितंबर (हि.स.)। पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय कोठार पौड़ी में प्राथमिक शिक्षा के छात्रों का दल शैक्षणिक भ्रमण पर गया। इस दौरान दल में शामिल छात्र-छात्राएं साइंस म्यूजियम पौड़ी में विज्ञान के विभिन्न सिद्धांतों से रुबरु हुए। नौनिहाल खांड्यूसैंण स्थित राजकीय उद्यान में आधुनिक बागवानी की जानकारी ली। साथ ही कंडोलिया थीम पार्क पहुंचकर बच्चों ने मनोरंजन किया।

पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय कोठार पौड़ी की प्राचार्य अनीता बिष्ट के निर्देशन एवं संरक्षण में आयोजित भ्रमण का उद्देश्य नौनिहालों में सामाजिक कौशल, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और पर्यावरण के प्रति समझ विकसित करना है। भ्रमण के प्रथम चरण में छात्रों ने साइंस म्यूजियम पौड़ी का अवलोकन किया। यहां बच्चों ने गियर्स, लीवर, विभिन्न प्रकार के लेंस, ऑप्टिकल इल्यूजन, सस्पेंशन ब्रिज, एंटी-ग्रेविटी सिस्टम और डायनेमो जनरेटर जैसे वैज्ञानिक मॉडलों को उत्सुकता के साथ देखा और उनके कार्य करने के सिद्धांतों को समझा। विज्ञान से जुड़े प्रयोगों और मॉडलों को प्रत्यक्ष रूप से देखकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया।

इसके बाद दल में शामिल नौनिहाल खांड्यूसैंण स्थित राजकीय उद्यान पहुंचे। यहां उन्होंने पॉलीहाउस, पौधशाला, सेब के बगीचे और कीवी की खेती की विस्तार से जानकारी ली। उद्यान में छात्रों को आधुनिक तकनीक से फल एवं पौध उत्पादन की व्यावहारिक जानकारी भी मिली। भ्रमण के आखिरी चरण में विद्यार्थी कंडोलिया थीम पार्क पहुंचे। यहां बच्चों ने विभिन्न झूलों का आनंद लिया और सामूहिक रूप से भोजन किया। इसके बाद विद्यार्थी वापस विद्यालय लौटे। शैक्षणिक भ्रमण में शिक्षक नरेंद्र सिंह बिष्ट, मोनिका जोशी, शिवानी, प्रीति, अक्षय रावत, दुर्गेश भट्ट आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह