डॉ. अंबेडकर विज्ञान संग्रहालय बना विद्यार्थियों का पसंदीदा शिक्षण केंद्र
पौड़ी गढ़वाल, 23 जुलाई (हि.स.)। जनपद पौड़ी में स्थापित डॉ. अंबेडकर जिला विज्ञान संग्रहालय विद्यार्थियों के लिए विज्ञान सीखने का नया केंद्र बनकर उभरा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा लोकार्पित इस संग्रहालय में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं आधुनिक इंटरएक्टिव मॉडल और वैज्ञानिक प्रयोगों के माध्यम से विज्ञान की जटिल अवधारणाओं को सरल और रोचक तरीके से समझ रहे हैं।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की पहल पर जिला योजना के तहत लर्निंग बाय डूइंग और बिल्डिंग एज लर्निंग एड की अवधारणा पर विकसित इस संग्रहालय में ऑप्टिक्स, ऊर्जा, मानव शरीर, गणित, भौतिकी, पर्यावरण और तकनीकी नवाचार से जुड़े मॉडल स्थापित किए गए हैं। प्रशिक्षित डेमनस्ट्रेटर विद्यार्थियों को प्रयोगों की कार्यप्रणाली समझाकर विज्ञान को व्यवहारिक रूप से सीखने का अवसर प्रदान कर रहे हैं।
शिक्षकों ने संग्रहालय को कक्षा शिक्षण का प्रभावी पूरक बताते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, विश्लेषण क्षमता और नवाचार के प्रति रुचि बढ़ रही है। वहीं छात्र-छात्राओं ने भी संग्रहालय के भ्रमण को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक अनुभव बताया। मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेय सयाना ने कहा कि जनपद के अधिकाधिक विद्यालयों के विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण कराया जा रहा है, ताकि उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान की भावना और प्रयोगात्मक शिक्षा के प्रति रुचि विकसित हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

