home page

एसआरटी परिसर टिहरी में विद्यार्थी परिषद का पांच पदों पर कब्जा

 | 
एसआरटी परिसर टिहरी में विद्यार्थी परिषद का पांच पदों पर कब्जा


एसआरटी परिसर टिहरी में विद्यार्थी परिषद का पांच पदों पर कब्जा


नई टिहरी, 11 सितंबर (हि.स.)। एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विवि के एसआरटी परिसर बादशाहीथौल टिहरी में छात्रसंघ चुनाव में विद्यार्थी परिषद का जलवा रहा। अध्यक्ष पद पर राजन सजवाण ने जीत दर्ज की। हालांकि सचिव पद पर कांटे के मुकाबले में निर्दलीय नैतिक कुमार 2 वोट से चुनाव जीत गए। 7 में से 5 पदों पर अभाविप ने जीत दर्ज की। विजयी प्रत्याशियों ने जुलूस निकाल कर खुशी का इजहार किया। शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने पर परिसर निदेशक ने प्रशासन और पुलिस का आभार जताया।

शुक्रवार को बादशाहीथौल परिसर में सुबह 8 बजे से अपराह्न 1 बजे तक 1181 में से 779 छात्र-छात्राओं ने चुनाव के लिए मतदान किया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रो. केके वर्मा ने बताया कि अध्यक्ष पद पर अभाविप के राजन सजवाण ने सानिया उनियाल को 165 मतों से पराजित किया। उपाध्यक्ष पद पर हर्ष प्रियांशु ने सुमित को 202 मतों से हराया। सचिव पद पर विद्यार्थी परिषद के राज सिंह और निर्दलीय नैतिक कुमार के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।

पुनर्मतगणना के बाद नैतिक कुमार 2 वोट से विजयी रहे। सह-सचिव पद पर अभाविप के रमन पाल कुमार ने आंचल को 100 मतों, कोषाध्यक्ष पर अभाविप के वंश कुमार ने अंशिका को 145 मतों से पराजित किया। छात्रा प्रतिनिधि पद पर सानिया नेगी ने अभाविप की सिमरन को 130 और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर अभाविप के मृदुल मखलोगा ने देवांश को 175 मतों से पराजित किया।

परिसर निदेशक प्रो. एए बौड़ाई और मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रो. वर्मा ने विजयी प्रत्याशियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शांतिपूर्ण चुनाव के लिए उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं और निर्वाचन में लगे शिक्षकों-कर्मचारियों का आभार जताया। इस मौके पर सहायक निर्वाचन अधिकारी डॉ. एसके चतुर्वेदी, डॉ. सना रफी, डॉ. हेमराज, प्रो. जीडीएस नेगी, प्रो. आरसी रमोला, प्रो. डीएस कैंतुरा, प्रो. सुनीता गोदियाल, प्रो. एसके शर्मा, प्रो. ममता राणा, प्रो. बीना जोशी, प्रो. केसी पेटवाल, प्रो. यूएस नेगी, प्रो. सुबोध कुमार सिंह, डॉ. हंसराज बिष्ट, डॉ. अनूप कुमार, राजेंद्र कठैत, राकेश कोठारी मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी