home page

स्टील सिटी बोकारो झारखंड के दो युवक गंगा नदी में बहे

 | 

नई टिहरी, 04 अक्टूबर (हि.स.)। देवप्रयाग संगम पर नदी में डूबने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। रविवार दोपहर को दो युवक गंगा की तेज धारा में बह गए। इससे कुछ देर के लिए वहां अफरातफरी मच गई। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने दोनों युवकों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

अलकनंदा-भागीरथी के संगम पर रविवार दोपहर को झारखंड के दल के साथ आए दो युवक नहा रहे थे। तभी दोनों अचानक गंगा की तेज धारा की चपेट में आ गए। दोनों कुछ दूर तक बहते देखे गए, लेकिन फिर ओझल हो गए। युवकों के डूबते ही इस दल के लोगों में चीख पुकार मच गई। देवप्रयाग के थाना प्रभारी प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि बोकारो झारखंड के एक दल के साथ आए आशुतोष (24) पुत्र अजय और आयुष (24) पुत्र गोपाल निवासी सेक्टर 9 स्टील सिटी, बोकारो झारखंड नहाने गए। तभी वे सुरक्षा के लिए लगाई गई रस्सियों के बाहर चले गए।

जल पुलिस ने उन्हें कई बार चेतावनी भी दी। लेकिन उन्होंने इसे अनसुना कर दिया। परिणामस्वरूप वे गंगा की तेज धारा की चपेट में आ गए। बताया कि पुलिस टीम ने उनके रेस्क्यू के लिए कई प्रयास किए, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी