पौड़ी में राज्य स्तरीय टेबल टेनिस शुरू
पौड़ी गढ़वाल, 06 सितंबर (हि.स.)। जिला प्रशासन, खेल विभाग और जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के सहयोग से पौड़ी में द्वितीय राज्य टेबल टेनिस रैंकिंग प्रतियोगिता-2026 का रविवार को शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से करीब 200 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। खास बात यह है कि प्रतियोगिता के लिए उच्च गुणवत्ता की छह टेबलें उपलब्ध कराई गई हैं।
जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने स्वयं भी खिलाड़ियों के साथ टेबल टेनिस खेलकर उनका हौसला बढ़ाया। डीएम ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भागीदारी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें पहचानकर बेहतर मंच और अवसर देने की है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने का अवसर देती हैं। अभिभावकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा, “खेल में कोई हारता नहीं है, कोई सीखता है और कोई जीतता है।
प्रतियोगिता छह से नौ सितंबर तक चलेगी। इसमें अंडर-11, अंडर-13, अंडर-17, अंडर-19 और ओपन वर्ग में मुकाबले होंगे। पहले दिन ओपन और अंडर-19 वर्ग के मैच खेले गए।
उत्तराखंड टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष चेतन गुरुंग ने कहा कि देहरादून के बाहर पहली बार पौड़ी में टीम स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता एवं स्टेट चैंपियनशिप आयोजित की जा रही है। उन्होंने पहाड़ी जिलों में टेबल टेनिस को बढ़ावा देने के लिए आगे भी ऐसी प्रतियोगिताएं आयोजित करने की बात कही।
इस मौके पर एसोसिएशन के सचिव प्रिंस विपिन, जिला खेल अधिकारी प्रदीप कुमार, देहरादून की जिला खेल अधिकारी शेफाली गुरुंग, जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन अध्यक्ष राजेश डंगवाल, सचिव भारत बिष्ट समेत खेल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और अभिभावक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

