home page

एसएसपी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित

 | 
एसएसपी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित


नैनीताल, 07 मई (हि.स.)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने गुरुवार को थाना बेतालघाट का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सलामी गार्द द्वारा एसएसपी को सलामी दी गई। गार्द कमांडर की ओर से प्रस्तुत सलामी एवं पुलिस कर्मियों का टर्नआउट उत्कृष्ट पाए जाने पर एसएसपी ने गार्द को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, कार्यालय अभिलेख, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, सीसीटीएनएस कार्य, महिला हेल्प डेस्क, भोजनालय, बैरक एवं साफ-सफाई व्यवस्था का गहन परीक्षण किया गया। एसएसपी ने अपराध रजिस्टर, हिस्ट्रीशीटर, लंबित विवेचनाएं, शिकायत पंजिका एवं बीट सूचना रजिस्टर का अवलोकन कर अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। थाना क्षेत्र में स्थापित सीसीटीवी कैमरों एवं उनकी कनेक्टिविटी की समीक्षा करते हुए संवेदनशील स्थानों पर निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए।

इस दौरान पुलिस कर्मियों को शस्त्र खोलने और जोड़ने का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। हेड मोहर्रिर शेर सिंह एवं कांस्टेबल दीपक सिंह द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन किए जाने पर उन्हें नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। जिन कर्मचारियों को शस्त्र संचालन में अधिक समय लगा, उनके लिए पुलिस लाइन में तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण कर महिलाओं से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन थाना भवन का भी जायजा लिया गया तथा कार्य को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

वार्षिक निरीक्षण के बाद आयोजित कर्मचारी सम्मेलन में पुलिस कर्मियों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसएसपी ने थाना स्तर पर जुआ एवं आबकारी अधिनियम के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई, कानून व्यवस्था सुदृढ़ रखने तथा पर्यटन सीजन को देखते हुए सतर्कता बढ़ाने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी अपराध एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश कुमार, थानाध्यक्ष विजय नेगी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी