home page

पदक विजेताओं का किया स्वागत

 | 
पदक विजेताओं का किया स्वागत


हरिद्वार (हि.स.)। उत्तराखंड कबड्डी एसोसिएशन द्वारा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।

प्रेस क्लब में आयोजित कार्यक्रम में एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश जोशी ने खिलाड़ियों को फूलमालाएं पहनाकर सम्मानित किया और उनकी उपलब्धियों को प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण बताया।

पत्रकार वार्ता के दौरान महेश जोशी ने कहा कि एशियन बीच गेम्स के छठे संस्करण में चीन के सान्या में आयोजित प्रतियोगिता में हरिद्वार के यथार्थ देशवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। इसके अलावा यूथ एशियन गेम्स के तीसरे संस्करण में बहरीन में भूमिका और राहुल बोरा ने स्वर्ण पदक जीतकर देश और राज्य का नाम रोशन किया।

उन्होंने कहा कि कबड्डी भारत का एक पारंपरिक और लोकप्रिय खेल है, जो ग्रामीण परिवेश से निकलकर अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। उत्तराखंड के खिलाड़ी अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं।

महेश जोशी ने बताया कि संगठन खिलाड़ियों के लिए बेहतर संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयासरत है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि कबड्डी को उदीयमान खिलाड़ी योजना में शामिल किया जाए और खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षित कोचों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रतिभाओं को सही दिशा मिल सके।

उन्होंने युवा खिलाड़ियों को संदेश देते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। कड़ी मेहनत, अनुशासन और एकाग्रता से ही लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

इस मौके पर एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप चौधरी और महासचिव चेतन जोशी ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि राज्य के खिलाड़ियों को समान अवसर और नियमित प्रशिक्षण मिलना चाहिए, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।

कार्यक्रम में ओपी चौहान, नरेंद्र सिंह तोमर, ऋषिपाल सिंह, नितिन, विवेक, सुमित और आशीष सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला