विशेष ओपीडी में दो सौ से अधिक मरीजों ने लिया विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ
पौड़ी गढ़वाल, 14 नवंबर (हि.स.)। उत्तरा केयर हॉस्पिटल में आज को आयोजित विशेष सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी, नेत्र चिकित्सा ओपीडी और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों एवं वयस्कों की ओपीडी को क्षेत्रवासियों का अच्छा प्रतिसाद मिला। विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं का 200 से अधिक मरीजों ने लाभ उठाया। इससे पौड़ी के साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श की सुविधा मिली।
विशेष ओपीडी में न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, त्वचा रोग और हड्डी रोग विशेषज्ञों ने मरीजों की जांच कर परामर्श दिया। वहीं, विवेकानंद नेत्रालय देहरादून के सहयोग से आयोजित नेत्र ओपीडी में आंखों से संबंधित समस्याओं की जांच की गई। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों और वयस्कों के लिए आयोजित ओपीडी में मूल्यांकन, थेरेपी, प्रारंभिक हस्तक्षेप और अभिभावक परामर्श के साथ दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
अस्पताल के रेडियोलॉजिस्ट एवं हेड आउटरीच एंड पब्लिक रिलेशंस डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने कहा कि 200 से अधिक मरीजों का पहुंचना क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं की जरूरत को दर्शाता है।
अस्पताल का प्रयास है कि लोगों को इलाज के लिए बड़े शहरों की दौड़ न लगानी पड़े। मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. जेपी चमोली ने कहा कि अस्पताल में विशेषज्ञ ओपीडी और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर उपचार मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

