home page

महिला सुरक्षा को लेकर कुमाऊं पुलिस का विशेष थाना दिवस

 | 
महिला सुरक्षा को लेकर कुमाऊं पुलिस का विशेष थाना दिवस


नैनीताल, 08 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कुमाऊं परिक्षेत्र में परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक रिद्धिम अग्रवाल के निर्देशन में “कोशिश-एक नई आशा” अभियान के अंतर्गत महिला सुरक्षा को समर्पित विशेष थाना दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम में परिक्षेत्र के सभी जनपदों के थानों में महिलाओं से संबंधित समस्याओं को सुनने और उनके समाधान की पहल की गयी।

कार्यक्रम के दौरान महिला हेल्पलाइन और ऐच्छिक ब्यूरो में लंबित मामलों से संबंधित पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना गया। उपस्थित पुलिस अधिकारियों ने प्रत्येक प्रकरण की समीक्षा कर उनके शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। महिलाओं को उनके विधिक अधिकारों की जानकारी भी दी गयी। साथ ही घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, दहेज उत्पीड़न, छेड़छाड़ तथा अन्य अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों और महिला सहायता हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद प्रभारियों ने अपने-अपने जनपद के एक-एक थाने में उपस्थित रहकर आमजन की समस्याएं सुनीं, जबकि अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारीगण ने भी अपने क्षेत्र के थानों में पहुंचकर शिकायतों के त्वरित समाधान की प्रक्रिया सुनिश्चित की।

कुमाऊं पुलिस ने इस अवसर पर संदेश दिया कि महिला सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की शिकायत पर संवेदनशील तथा निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी