home page

विश्व रेडक्रॉस एवं रेडक्रिसेंट दिवस पर हरिद्वार में प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण

 | 
विश्व रेडक्रॉस एवं रेडक्रिसेंट दिवस पर हरिद्वार में प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण


हरिद्वार, 08 मई (हि.स.)। विश्व रेडक्रॉस एवं रेडक्रिसेंट दिवस के अवसर पर इंडियन रेडक्रॉस के तत्वावधान में श्रीराम विद्या मंदिर, श्यामपुर में प्राथमिक उपचार (सीपीआर) प्रशिक्षण संगोष्ठी एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष इंडियन रेडक्रॉस मयूर दीक्षित के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्साधिकारी एवं उपाध्यक्ष इंडियन रेडक्रॉस डॉ. राजेश कुमार सिंह के मुख्य संयोजन में किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व इंडियन रेडक्रॉस उत्तराखंड के चेयरमेन डॉ. नरेश चौधरी ने किया।

इस अवसर पर सिमरनजीत कौर ने कहा कि सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) जैसे प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने के लिए सक्षम बनाता है। उन्होंने प्रतिभागियों को निःशुल्क विधिक सहायता, साइबर अपराधों से बचाव एवं मोबाइल के दुरुपयोग के प्रति भी जागरूक किया।

डॉ. नरेश चौधरी ने लगभग 1200 छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों को प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण देते हुए रेडक्रॉस के उद्देश्यों, सिद्धांतों एवं मानव सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने वर्ष 2026 की थीम यूनिाइटेड इन ह्यूमैनिटी पर व्याख्यान देते हुए कहा कि मानवता की सेवा के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि श्यामपुर क्षेत्र आपदा एवं सड़क दुर्घटनाओं की दृष्टि से संवेदनशील है, इसलिए प्रशिक्षित प्रतिभागी अपने क्षेत्रों में फर्स्ट मेडिकल रिस्पॉन्डर के रूप में जनजागरूकता अभियान चलाएंगे और जरूरतमंदों को समय पर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराएंगे।

शिविर के दौरान सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, रक्त जांच, दंत चिकित्सा एवं आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में स्वच्छता, तंबाकू उन्मूलन एवं नशारोधी अभियान के तहत छात्र-छात्राओं द्वारा जागरूकता नाटिकाओं का मंचन आकर्षण का केंद्र रहा।

कार्यक्रम में श्रीराम विद्या मंदिर के मैनेजिंग ट्रस्टी राजीव भल्ला, प्रधानाचार्या बवीता अग्रवाल श्रीनिवास, कोऑर्डिनेटर पूनम, रीमा भल्ला, बलविंद्र सिंह, पल्लवी शर्मा, दीप्ति रावत, केशव, संगीता शर्मा, नितिश, पूजा एवं संजना सहित अनेक लोगों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

इसके अतिरिक्त जिला प्रोबेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया एवं बहादराबाद चिकित्सा केंद्र प्रभारी डॉ. आरती बहल अपनी चिकित्सा टीम के साथ विशेष सहयोगी रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला