home page

विकसित भारत के निर्माण के लिए स्व-गणना आवश्यक : रंजन

 | 
विकसित भारत के निर्माण के लिए स्व-गणना आवश्यक : रंजन


बीएचईएल हरिद्वार में स्व-गणना अभियान का विधिवत शुभारम्भ

हरिद्वार, 13 अप्रैल (हि.स.)। भारत सरकार द्वारा आयोजित की जा रही जनगणना 2027 के अंतर्गत, पहली बार नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा प्रदान की गई है, जिसके माध्यम से वे स्वयं ऑनलाइन अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं। बीएचईएल हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार ने, हरिद्वार इकाई में स्व-गणना पहल का विधिवत शुभारम्भ किया। उन्होंने स्व-गणना प्रक्रिया को स्वयं अपनाते हुए, सभी कर्मचारियों के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।

अपने सम्बोधन में रंजन कुमार ने कहा कि स्व-गणना केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में हमारा कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि इससे देश को सटीक एवं अद्यतन आंकड़े प्राप्त होंगे, जो भविष्य की नीतियों एवं विकास योजनाओं के निर्माण हेतु बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने बीएचईएल हरिद्वार इकाई के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी प्रेरित किया कि वे परिवार सहित, इस राष्ट्रीय दायित्व में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। रंजन कुमार ने बताया कि इस संदर्भ में सभी कर्मचारियों की जागरूकता हेतु, एक परिपत्र भी जारी किया गया है।

उल्लेखनीय है कि जनगणना 2027 पूर्णतः डिजिटल स्वरूप में आयोजित की जा रही है। इस प्रक्रिया में नागरिक अपना विवरण, घर बैठे ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। यह प्रक्रिया तेज, सुविधाजनक, सटीक एवं पारदर्शी है, जिससे नागरिक सहभागिता में वृद्धि हो रही है। साथ ही यह डिजिटल इंडिया की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला