home page

ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ मेडिकल स्टोर बंद कर जताया विरोध

 | 
ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ मेडिकल स्टोर बंद कर जताया विरोध


हरिद्वार, 20 मई (हि.स.)। अवैध और अनियंत्रित ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में बुधवार को हरिद्वार जिले के मेडिकल स्टोर संचालकों ने एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल कर जोरदार प्रदर्शन किया। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स और उत्तरांचल औषधि व्यवसायी महासंघ के आह्वान पर जिलेभर के केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट्स ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर आंदोलन को समर्थन दिया।

हड़ताल के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम संबोधित ज्ञापन भेजते हुए केमिस्ट संगठनों ने ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियंत्रण की मांग उठाई। ज्ञापन में बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे के दवाओं की ऑनलाइन बिक्री और होम डिलीवरी को जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बताया गया। साथ ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स द्वारा भारी छूट देकर छोटे और लाइसेंसधारी मेडिकल स्टोर संचालकों के कारोबार को नुकसान पहुंचाने का आरोप भी लगाया गया।

डिस्ट्रिक्ट हरिद्वार केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित गर्ग ने कहा कि दवाएं सामान्य उपभोक्ता वस्तु नहीं हैं। बिना उचित सत्यापन के उनकी ऑनलाइन बिक्री मरीजों की सुरक्षा और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत बनी नियामकीय व्यवस्था को कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन दवा कंपनियां नियमों का दुरुपयोग कर अनियंत्रित तरीके से दवाओं की डिलीवरी कर रही हैं, जिससे लाखों छोटे केमिस्ट्स के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

महामंत्री संजय गोयल ने केंद्र सरकार से जीएसआर 817(ई) और जीएसआर 220(ई) को तत्काल वापस लेने की मांग की। उनका कहना था कि इन प्रावधानों का इस्तेमाल ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स और क्विक कॉमर्स कंपनियों द्वारा दवाओं की अवैध सप्लाई के लिए किया जा रहा है।

व्यापारियों ने यह भी याद दिलाया कि कोविड महामारी के दौरान देशभर के केमिस्ट्स ने फ्रंटलाइन हेल्थ सपोर्ट सिस्टम की तरह काम करते हुए लोगों तक दवाओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की थी। बावजूद इसके, ऑनलाइन दवा बिक्री से जुड़ी शिकायतों और प्रमाणों पर अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

हड़ताल शांतिपूर्ण रही और जिलेभर के केमिस्ट समुदाय का इसे व्यापक समर्थन मिला। हालांकि एसोसिएशन की ओर से जरूरतमंद मरीजों के लिए आवश्यक एवं आपातकालीन दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कर मानवीय दायित्व भी निभाया गया।

धरना-प्रदर्शन में अमित गर्ग, अजय गर्ग, अनिल अरोड़ा, अतुल जैन, अनिल झाम्ब, सत्येंद्र चौधरी, पंकज गोयल, संदीप शर्मा, अवनीश शर्मा, अमित आजाद, महिपाल सैनी, मुकेश अग्रवाल, ओमपाल सिंह भाटी, राजीव पाराशर, रोबिन ग्रोवर, नितिन गुप्ता, मनोज कुमार सिंह, रवीन्द्र कुमार, हरीश कुमार, अनिल कुमार, मांगेराम पवार, रजत राजपूत, अश्वनी चौहान, राजेश अरोड़ा, अम्बर गोयल, नवीन कुमार, सुरेश गोस्वामी, राजेश गोस्वामी, विक्रम विरमाणी, पंकज सपरा, आशीष तिवारी, दिनेश अरोड़ा, राजू अरोड़ा, धीरज अरोड़ा, मन्नू भारद्वाज, अनुपम शर्मा, अखिलेश शर्मा, विभोर मिश्रा, हेमंत सेमवाल, सुशील सचदेवा, सुरेश भट्ट, आदेश शर्मा, प्रमोद त्यागी और अतुल वर्मा समेत बड़ी संख्या में केमिस्ट मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला