home page

एनसीआरटीसी और आईआईटी रुड़की के बीच एमओयू, शहरी परिवहन में बढ़ेगा शोध व नवाचार

 | 
एनसीआरटीसी और आईआईटी रुड़की के बीच एमओयू, शहरी परिवहन में बढ़ेगा शोध व नवाचार


हरिद्वार, 04 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की के बीच शहरी परिवहन क्षेत्र में अनुसंधान, नवाचार और क्षमता निर्माण को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

शनिवार को हुए इस समझौते का आदान-प्रदान एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल और आईआईटी रुड़की के रिसोर्स एंड एलुमनाई अफेयर्स के डीन प्रो. आर. डी. गर्ग की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर एनसीआरटीसी के वरिष्ठ अधिकारी तथा आईआईटी रुड़की के एसोसिएट डीन और विभिन्न विभागों व केंद्रों के प्रमुख भी मौजूद रहे।

इस मौके पर शलभ गोयल ने कहा कि शिक्षा जगत और उद्योग के बीच यह साझेदारी आधुनिक शहरी गतिशीलता से जुड़ी जटिल चुनौतियों के समाधान के लिए दोनों क्षेत्रों की विशेषज्ञता को एक मंच पर लाएगी। उन्होंने कहा कि इस सहयोग से विकसित होने वाले नवाचार और तकनीकी समाधान प्रधानमंत्री द्वारा परिकल्पित विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में सहायक होंगे और देश की स्वदेशी क्षमताओं को भी मजबूत करेंगे।

आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. (डॉ.) कमल किशोर पंत ने कहा कि संस्थान ऐसे ट्रांसलेशनल रिसर्च को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है, जो वास्तविक जीवन की समस्याओं का समाधान प्रदान करे। उन्होंने कहा कि एनसीआरटीसी के साथ यह भागीदारी अकादमिक शोध को देश की अवसंरचना से जुड़ी प्राथमिकताओं के साथ जोड़ने का एक मजबूत मंच प्रदान करेगी, खासकर सतत और कुशल शहरी गतिशीलता प्रणालियों के क्षेत्र में अहम है।

इस समझौते के तहत दोनों संस्थान परस्पर हित के शोध प्रोजेक्ट्स पर संयुक्त रूप से काम करेंगे। विशेष रूप से शहरी परिवहन क्षेत्र के लिए व्यावहारिक और बड़े स्तर पर लागू किए जा सकने वाले समाधान विकसित करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला